India Post Digital Services : नई दिल्ली, 24 अगस्त 2026। भारतीय डाक अब अपनी पारंपरिक सेवाओं को आधुनिक तकनीक के साथ जोड़ते हुए डिजिटल जनसेवा के नए दौर में प्रवेश कर रहा है। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार को ‘डाक मित्र’ और ‘डाक सेवा’ ऐप के साथ 14 नवीनीकृत डाकघरों का शुभारंभ किया।इस अवसर पर सिंधिया ने कहा कि भारतीय डाक देश की सबसे पुरानी और विश्वसनीय संस्थाओं में शामिल है। बदलते समय के साथ विभाग तकनीक और नवाचार को अपनाकर 21वीं सदी की जरूरतों के अनुरूप खुद को नए स्वरूप में ढाल रहा है। सरकार का लक्ष्य डाक सेवाओं को नागरिकों के लिए आसान, तेज, पारदर्शी और अधिक सुलभ बनाना है।
India Post Digital Services : मोबाइल पर मिलेगी डाकघर की सुविधा
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज नागरिक केवल सरकारी सेवा की उपलब्धता नहीं चाहता, बल्कि वह सेवा अपने मोबाइल फोन पर और कुछ ही क्लिक में हासिल करना चाहता है। इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए डाक विभाग की डिजिटल पहलों को आगे बढ़ाया जा रहा है।उन्होंने कहा कि डिजिटल बदलाव का मतलब केवल पुरानी प्रक्रियाओं को ऑनलाइन करना नहीं है, बल्कि पूरी सेवा व्यवस्था को नागरिकों की जरूरत के हिसाब से नए सिरे से तैयार करना है।
India Post Digital Services : ‘डाक मित्र’ से डाक सेवक होंगे डिजिटल रूप से मजबूत
‘डाक मित्र’ ऐप को डाक सेवकों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसके जरिए डाक, बैंकिंग, बीमा और नागरिकों से जुड़ी विभिन्न सेवाओं को एक ही प्लेटफॉर्म के माध्यम से उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।मई 2025 में नए स्वरूप में आने के बाद ‘डाक मित्र’ ऐप करीब 1.4 लाख ब्रांच पोस्ट ऑफिस में संचालित हो रहा है। इसके माध्यम से अब तक 2.45 करोड़ घरेलू स्पीड पोस्ट और पार्सल बुकिंग दर्ज की गई हैं। वहीं 15.09 करोड़ डाक वस्तुओं की डिलीवरी में भी इसकी भूमिका रही है।
India Post Digital Services : डाक सेवाओं के साथ बीमा में भी डिजिटल सुविधा
डाक मित्र के जरिए डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल बढ़ने के साथ बीमा क्षेत्र में भी इसका योगदान सामने आया है। विभाग के अनुसार इस पहल के माध्यम से 1,102 करोड़ रुपये के नए प्रीमियम और कुल 5,431 करोड़ रुपये के प्रीमियम कलेक्शन में योगदान हुआ है।सिंधिया ने कहा कि पहले नागरिक को सेवा लेने के लिए डाकघर तक जाना पड़ता था, लेकिन अब डाक सेवक कई सेवाएं लेकर नागरिक के घर तक पहुंच रहा है। आधार आधारित केवाईसी, बायोमेट्रिक के जरिए नकद निकासी और डिजिटल ई-केवाईसी जैसी सुविधाओं से लोगों का अनुभव आसान हुआ है।
India Post Digital Services : ‘डाक सेवा’ ऐप में एक जगह मिलेंगी कई सुविधाएं
‘डाक सेवा’ ऐप का उद्देश्य नागरिकों को अलग-अलग डाक सेवाओं के लिए विभिन्न माध्यमों पर निर्भरता से मुक्त करना है। इस ऐप के जरिए कई सेवाओं को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराया गया है।जून 2025 में शुरू हुए पायलट के बाद ऐप को करीब 10 लाख डाउनलोड मिल चुके हैं। इसके माध्यम से 91.34 लाख मेल और पार्सल आर्टिकल बुक किए जा चुके हैं।
India Post Digital Services : ट्रैकिंग से शिकायत तक, ऐप में कई सुविधाएं
‘डाक सेवा’ ऐप के जरिए नागरिक घरेलू और अंतरराष्ट्रीय डाक वस्तुओं को ट्रैक कर सकते हैं। इसके अलावा स्पीड पोस्ट और पार्सल की बुकिंग, ई-मनी ऑर्डर जैसी सेवाओं का इस्तेमाल और शिकायत दर्ज करने की सुविधा भी उपलब्ध है।ऐप पर शिकायत का स्टेटस देखने के साथ नजदीकी डाकघर और पिन कोड की जानकारी भी हासिल की जा सकती है। डाक शुल्क की गणना, लघु बचत योजनाओं की जानकारी और PLI तथा RPLI बीमा सेवाओं से जुड़ी जानकारी भी एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई गई है।
India Post Digital Services : 23 भारतीय भाषाओं में उपलब्ध है ‘डाक सेवा’ ऐप
डाक सेवा ऐप की एक खास बात यह है कि इसे 23 भारतीय भाषाओं में उपलब्ध कराया गया है। इससे अलग-अलग भाषाई क्षेत्रों के नागरिकों के लिए डिजिटल डाक सेवाओं का इस्तेमाल आसान होने की उम्मीद है।ऐप में UPI, इंटरनेट बैंकिंग और कार्ड के जरिए डिजिटल भुगतान की सुविधा भी दी गई है। इसके अलावा SBI e-pay के माध्यम से ऑनलाइन बिल भुगतान और घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय बुकिंग की प्रक्रिया को भी अधिक एकीकृत किया गया है।
India Post Digital Services : डिजिटल के साथ डाकघरों का भी होगा आधुनिकीकरण
सिंधिया ने कहा कि डिजिटल सेवाओं के विस्तार का मतलब यह नहीं है कि भौतिक डाकघरों की उपयोगिता खत्म हो रही है। आज भी डाकघर करोड़ों लोगों के लिए भरोसे, मानवीय संपर्क और सरकारी सेवाओं तक पहुंच का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।इसी सोच के तहत देशभर में डाकघरों को आधुनिक रूप देने की योजना पर काम किया जा रहा है। 17 राज्यों में 40 डाकघरों को आधुनिक स्वरूप देने के लिए चिन्हित किया गया है। इनमें से 27 डाकघरों का काम पूरा हो चुका है, जबकि सोमवार को 14 नवीनीकृत डाकघरों का शुभारंभ किया गया।
India Post Digital Services : MP के विदिशा और सांची के डाकघरों का भी कायाकल्प
नवीनीकृत किए गए 14 डाकघरों में मध्यप्रदेश के विदिशा और सांची के डाकघर भी शामिल हैं। इसके अलावा पाटलिपुत्र, वसंत कुंज, सेक्टर-56 गुरुग्राम, काकुरगाची, शिलॉन्ग, कांदिवली पश्चिम, शंकर नगर, अयोध्या नगर, निराला नगर, गोमती नगर, इंदिरा नगर और प्रयागराज के डाकघरों को भी आधुनिक स्वरूप दिया गया है।इन डाकघरों में आधुनिक सुविधाओं के साथ ऐसा माहौल तैयार किया जा रहा है, जहां नागरिकों को पारंपरिक डाकघर के भरोसे के साथ आधुनिक सेवा केंद्र जैसी सुविधाएं मिल सकें।
India Post Digital Services : भारतीय डाक का राजस्व भी बढ़ा
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारतीय डाक केवल डिजिटल सेवाओं और भौतिक ढांचे के आधुनिकीकरण में ही आगे नहीं बढ़ रहा, बल्कि आर्थिक रूप से भी मजबूत हो रहा है।वित्त वर्ष 2024-25 में भारतीय डाक का राजस्व करीब 13,218 करोड़ रुपये रहा था, जो 2025-26 में बढ़कर 15,296 करोड़ रुपये हो गया। इस तरह राजस्व में करीब 16 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
India Post Digital Services : पहली तिमाही में राजस्व ने बनाया नया रिकॉर्ड
वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में भारतीय डाक ने 4,008.95 करोड़ रुपये का अब तक का सर्वाधिक तिमाही राजस्व दर्ज किया। पहली बार किसी एक तिमाही में राजस्व 4,000 करोड़ रुपये के पार पहुंचा है।विभाग के अनुसार सालाना आधार पर इसमें करीब 22 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इसे भारतीय डाक के डिजिटल विस्तार, व्यापक नेटवर्क और सेवाओं में बदलाव के साथ जोड़कर देखा जा रहा है।
India Post Digital Services : ‘डाक सेवा, जन सेवा’ से नागरिक-केंद्रित सेवा की ओर
सिंधिया ने कहा कि भारतीय डाक की सफलता केवल ऐप के डाउनलोड या नए डाकघरों की संख्या से तय नहीं होगी। असली सफलता इस बात में है कि इन पहलों से डाक कर्मचारियों का काम कितना आसान होता है और नागरिकों को सेवाएं कितनी तेज, सरल, सुलभ और पारदर्शी तरीके से मिलती हैं।उन्होंने कहा कि भारतीय डाक का पुराना भरोसा बरकरार रखते हुए उसमें नई तकनीक और नई गति जोड़ी जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के अनुरूप भारतीय डाक को आधुनिक, विश्वसनीय और तकनीक-सक्षम संस्था बनाने की दिशा में काम जारी है।
India Post Digital Services : अंतिम छोर तक सेवा पहुंचाने पर जोर
भारतीय डाक की सबसे बड़ी ताकत उसका देश के दूरदराज इलाकों तक फैला नेटवर्क और नागरिकों से सीधा जुड़ाव है। अब डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल से इसी नेटवर्क को और प्रभावी बनाने की कोशिश की जा रही है।कार्यक्रम में केंद्रीय संचार राज्यमंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी, डाक विभाग के सचिव सुब्रत दास, डाक महानिदेशक जितेंद्र गुप्ता सहित आठ राज्यों से जुड़े जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में डाककर्मी मौजूद रहे।
read more : Forest Management Modern Technology Recruitment : MP के जंगलों की सुरक्षा होगी और मजबूत, CM मोहन का बड़ा ऐलान; 4,506 वनकर्मियों को प्रमोशन के बाद अब नई भर्ती


