संवाददाता: केशरी नंदन तिवारी
Chhattisgarh Police Constable Recruitment : छत्तीसगढ़ पुलिस आरक्षक भर्ती की द्वितीय सूची जारी करने और रिक्त पड़े करीब 1600 पदों को भरने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार जारी है। शनिवार को कवर्धा में प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने डिप्टी सीएम विजय शर्मा के स्थानीय कार्यालय के सामने धरना दिया। बारिश के बीच भी अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर डटे रहे। इस दौरान उन्होंने सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए भजन गाया और सद्बुद्धि हवन किया।
Chhattisgarh Police Constable Recruitment : पुलिस ने रोका तो सड़क पर धरने पर बैठे अभ्यर्थी
पुलिस आरक्षक भर्ती की सेकंड लिस्ट जारी करने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन शुक्रवार से कवर्धा में जारी है। शुक्रवार को कवर्धा पहुंचे अभ्यर्थियों ने कलेक्टर कार्यालय की ओर जाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक दिया। इसके बाद अभ्यर्थी सड़क पर ही धरने पर बैठ गए।
प्रदर्शनकारियों ने रात भी खुले आसमान के नीचे बिताई। अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में बड़ी संख्या में पद रिक्त रह गए हैं। ऐसे में रिक्त पदों को भरने के लिए दूसरी सूची जारी की जानी चाहिए, ताकि पात्र अभ्यर्थियों को पुलिस विभाग में नियुक्ति का अवसर मिल सके।
Chhattisgarh Police Constable Recruitment : बारिश में भी डिप्टी सीएम कार्यालय के सामने प्रदर्शन
शनिवार सुबह बारिश होने के बावजूद अभ्यर्थियों का प्रदर्शन जारी रहा। बारिश में भीगते हुए अभ्यर्थी डिप्टी सीएम विजय शर्मा के स्थानीय कार्यालय के सामने पहुंचे और वहां धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों के हाथों में तख्तियां थीं और वे अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते नजर आए।
अभ्यर्थियों ने अपनी मांग को सरकार तक पहुंचाने के लिए अलग तरीके से विरोध दर्ज कराया। उन्होंने भजन ‘रघुपति राघव राजा राम’ का सामूहिक गायन किया और इसके बाद सद्बुद्धि हवन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनका उद्देश्य सरकार का ध्यान भर्ती प्रक्रिया में रिक्त रह गए पदों और दूसरी सूची जारी करने की मांग की ओर आकर्षित करना है।
Chhattisgarh Police Constable Recruitment : करीब 1600 रिक्त पद भरने की मांग
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का दावा है कि पुलिस आरक्षक भर्ती प्रक्रिया में करीब 1600 पद अभी भी रिक्त हैं। अभ्यर्थियों की मांग है कि इन पदों को दूसरी सूची जारी कर भरा जाए। उनका कहना है कि यदि रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाती हैं तो बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को रोजगार का अवसर मिल सकता है।
अभ्यर्थियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांग पर सरकार की ओर से कोई ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन को देखते हुए डिप्टी सीएम कार्यालय और आसपास के क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन और पुलिस की नजर प्रदर्शन की स्थिति पर बनी हुई है।


