Rahul Gandhi Pellet Gun Protest: थाने के बाहर धरने पर बैठे राहुल और प्रियंका,‘छात्र आंदोलन के दौरान लगे छर्रे, दर्ज हो FIR’
Rahul Gandhi Pellet Gun Protest: जंतर-मंतर CJP के प्रदर्शन में पैलेट गन के इस्तेमाल के आरोप को लेकर राहुल गांधी के धरने ने मामले को बड़ा राजनीतिक मुद्दा बना दिया है। राहुल की मांग है कि घायल छात्र के मामले में FIR दर्ज हो, जबकि पुलिस का कहना है कि शिकायत ली जा चुकी है और पहले से दर्ज मामले की जांच चल रही है। तो वहीं राहुल गांधी के धरने पर बीजेपी ने निशाना साधा है, बीजेपी नेताओं का कहना है कि जब जांच के लिये सुप्रीम कोर्ट ने हाई पवार कमेटी बनाई है, पुलिस जांच चल रही है तो ये माहौल खराब करने और अराजकता की राजनीति आखिर क्यों ?लेकिन राहुल गांधी का आरोप है कि पुलिस को FIR दर्ज न करने के निर्देश दिए हैं और जब तक FIR दर्ज नहीं कर ली जाती तब तक वो हटने वाले नहीं हैं। राहुल गांधी ने कहा कि दिल्ली पुलिस का कहना है कि उन्होंने छर्रे नहीं चलाए। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर पुलिस ने नहीं चलाए तो फिर किसी और ने चलाए होंगे। पैलेट गन के इस्तेमाल के आरोप प्रत्यारोप कि इसी सियासत पर करेंगे चर्चा लेकिन पहले देखिए ये रिपोर्ट।।।।
Rahul Gandhi Pellet Gun Protest: कांग्रेस नेता राहुल गांधी पैलेट गन पीड़ित साहिल के साथ दिल्ली के संसद मार्ग थाने पहुंचे और जंतर-मंतर आंदोलन में पैलेट गन इस्तेमाल की जांच की जानकारी मांगी। एफआईआर दर्ज न होने का आरोप लगाते हुए वह थाने के बाहर धरने पर बैठ गए, जहां प्रियंका गांधी के साथ ही कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता भी पहुंचे। पुलिस ने शिकायत लेने और क्राइम ब्रांच जांच की बात कही है। लेकिन इनका कहना है कि जब तक पैलेट गन से पीड़ित साहिल की FIR दर्ज नहीं होती, तब तक वे यहां से हटेंगे नहीं। राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों पर बर्बरता करने वाले बच नहीं सकते। न्याय तो लेकर रहेंगे। राहुल गांधी ने कहा कि 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर पैलेट गन का इस्तेमाल हुआ था। साहिल के शरीर से छर्रे निकले हैं। उन्होंने कहा कि एम्स की रिपोर्ट में साफ लिखा है कि साहिल के शरीर में 200 से ज्यादा छर्रे हैं। आंख में लगे छर्रों की वजह से साहिल की आंख की रोशनी जा चुकी है। उनके दिल के बिल्कुल पास भी छर्रे हैं, जिन्हें निकाला नहीं जा सकता। राहुल गांधी ने कहा कि उनकी सिर्फ एक मांग है कि इस मामले में FIR दर्ज की जाए।
Rahul Gandhi Pellet Gun Protest: उधर राहुल गांधी के थाने के बाहर धरना प्रदर्शन पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने तीखी आलोचना की, उन्होंने कहा कि जब सुप्रीम कोर्ट में केस है, जांच के लिये हाईपावर कमेटी बनाई है। लेकिन ये माहौल को खराब करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये कानून को अपने हाथ में लेने के साथ ही वंदेमातरम के अपमान पर ध्यान भटकाने की और अराजकता की राजनीति है।बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली में हुए छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस की कथित ज्यादती और पुलिसकर्मियों पर हुई हिंसा की जांच के लिए पांच सदस्यीय हाई पावर्ड एन्क्वायरी कमेटी बनाई है।कमेटी की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट पूर्व जज जस्टिस आर सुभाष रेड्डी करेंगे। लेकिन पैलेट गन विवाद पर राहुल गांधी का रुख आर-पार की लड़ाई का है। पुलिस का दावा है कि शिकायत कर ली गई है, मामले की जांच जारी… लेकिन सड़क से संसद तक गरमाए पैलेट गन के मुद्दे को फिलहाल हवा मिली हुई है। देखना ये होगा कि इस मुद्दे पर राजनीति और गरमाती है या मामला ठंडा पड़ जाएगा।
READ MORE : Migraine Causes: महिलाओं को पुरुषों से ज्यादा क्यों होता है माइग्रेन? जानिए हार्मोन के अलावा ये कारण भी


