MP Police Medal 2026 : भोपाल में स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर मुख्यमंत्री निवास में आयोजित गरिमामय समारोह में पुलिस और होमगार्ड्स विभाग के 47 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न सेवा पदकों से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राष्ट्रपति के विशिष्ट सेवा पदक, सराहनीय सेवा पदक, राष्ट्रपति के होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा पदक और सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक से अलंकृत अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके साहस, शौर्य और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।
समारोह की शुरुआत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुई। पुलिस आर्केस्ट्रा ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए, जबकि नवागत एवं प्रशिक्षु आरक्षकों ने श्रीकृष्ण लीला और जनजातीय पारंपरिक नृत्य की प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री ने पुलिस जवानों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़े पुलिस जवानों के दल को विशेष पुरस्कार देने की घोषणा की।

MP Police Medal 2026 : पुलिस सेवा, सुरक्षा और सुशासन की रीढ़: सीएम डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पुलिस प्रदेश में सेवा, सुरक्षा और सुशासन की असली रीढ़ है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश करीब 35 साल बाद नक्सलवाद से मुक्त हुआ है और यह प्रदेशवासियों के लिए स्वतंत्रता दिवस का अनमोल तोहफा है। उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में मध्यप्रदेश पुलिस और हॉक फोर्स की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नक्सलवाद मुक्त भारत के संकल्प के साथ मध्यप्रदेश सरकार भी मजबूती से आगे बढ़ी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश लाल सलाम को आखिरी सलाम करने वाला देश का अग्रणी राज्य बना है। कई नक्सलियों को अभियान में समाप्त किया गया, जबकि कई ने हथियार डालकर विकास की मुख्यधारा में शामिल होने का रास्ता चुना है।
MP Police Medal 2026 : सेवा पदक अगाध समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पुलिसकर्मियों की वर्दी पर सजे पदक उनकी निष्ठा, सजगता और जिम्मेदारियों के प्रति अगाध समर्पण का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों ने अदम्य साहस, शौर्य और जनसेवा की भावना से न केवल पुलिस विभाग बल्कि पूरे मध्यप्रदेश का मान बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि पुलिस और होमगार्ड्स के जवान विषम परिस्थितियों में भी नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार तत्पर रहते हैं। उनका समर्पण समाज में सुरक्षा और विश्वास की भावना को मजबूत करता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पदक केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि उत्कृष्ट सेवा, अनुशासन और राष्ट्र एवं समाज के प्रति प्रतिबद्धता का सम्मान भी है।
MP Police Medal 2026 : 27,534 पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को मिली पदोन्नति
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग में पदोन्नति की बाधा को दूर किया है। इस वर्ष अब तक 27 हजार 534 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पदोन्नत किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 से अब तक 14 हजार 704 से अधिक अभ्यर्थियों का पुलिस विभाग में चयन हुआ है।
सरकार ने इस वर्ष 9 हजार 751 पुलिसकर्मियों की नई भर्ती को भी मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में चलाए जा रहे ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। इसके साथ ही थानों और पुलिस के वरिष्ठ कार्यालयों को डिजिटल सेवाओं से जोड़ा जा रहा है।
MP Police Medal 2026 : 24 घंटे सातों दिन कर्तव्य निभाते हैं पुलिस जवान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश पुलिस की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रदेश पुलिस देश की सबसे अच्छी पुलिस में से एक है। उन्होंने कहा कि पुलिस जवान सप्ताह में बिना किसी अवकाश के 24 घंटे सातों दिन अपने कर्तव्य के प्रति समर्पित रहते हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिस की ड्यूटी ऐसी है, जिसमें कई बार प्रशंसा से ज्यादा आलोचना का सामना करना पड़ता है। इसके बावजूद जवान हर परिस्थिति में अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भी कोई नागरिक संकट में होता है, उसे सबसे पहले पुलिस की याद आती है और पुलिस भी नागरिकों के विश्वास पर खरा उतरते हुए मदद पहुंचाती है।
MP Police Medal 2026 : नक्सलवाद मुक्त मध्यप्रदेश पुलिस की बड़ी उपलब्धि: पंकज श्रीवास्तव
विशेष पुलिस महानिदेशक अपराध अन्वेषण पंकज श्रीवास्तव ने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ अभियान मध्यप्रदेश पुलिस की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। मध्यप्रदेश का नक्सलवाद मुक्त होना सभी के लिए गौरव का विषय है।
उन्होंने कहा कि एआई, ड्रोन और साइबर अपराध जैसी आधुनिक चुनौतियों के बीच मध्यप्रदेश पुलिस खुद को लगातार आधुनिक बना रही है। ई-एफआईआर, साइबर पुलिसिंग और सीसीटीएनएस जैसी तकनीकों के जरिए प्रदेश के सभी थानों को डिजिटल माध्यम से जोड़ा जा रहा है।
गत माह से 25 हजार टैबलेट के उपयोग के जरिए अपराधों की विवेचना को पेपरलेस बनाया गया है। ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ और साइबर जागरूकता के लिए चलाए जा रहे ‘सेफ क्लिक’ अभियान से समाज के हर वर्ग को जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि जागरूक नागरिक ही साइबर सिक्योरिटी की मजबूत दीवार हैं।
MP Police Medal 2026 : सिंहस्थ-2028 के लिए आधुनिक सुरक्षा मॉडल तैयार करेगी पुलिस
पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस विभाग में बल की कमी दूर करने के लिए भर्ती अभियान जारी है। 14 हजार से अधिक पदों पर चयन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि 9 हजार से अधिक नए पदों पर भर्ती को मंजूरी मिल चुकी है। पुलिस बैंड के लिए भी भर्ती प्रक्रिया जारी है।
उन्होंने बताया कि खंडवा में नई पुलिस बटालियन स्थापित करने की घोषणा की गई है। इसके अलावा तीन नई राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल की बटालियन भी बनाई जाएंगी। मध्यप्रदेश पुलिस सिंहस्थ-2028 में आधुनिक सुरक्षा मॉडल प्रस्तुत करने के लिए भी प्रतिबद्ध है।

