MP Jan Vishwas Abhiyan : सादगी, संवाद, संवेदनशीलता, समाधान… 4 आधार स्तंभों पर ‘जनविश्वास अभियान’
MP Jan Vishwas Abhiyan : छिंदवाड़ा से ‘मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान-2026’ की शुरुआत के साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एक्शन मोड में नजर आए। जनता की शिकायतों की सुनवाई के दौरान लापरवाही सामने आने पर मुख्यमंत्री ने CMHO डॉ. नरेश गुन्नाड़े, तहसीलदार सुनैना ब्रम्हे और पटवारी सिद्धान्त साहू को निलंबित करने के निर्देश दिए।सीएम ने साफ संदेश दिया कि जनता के काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।अब हर शुक्रवार ‘नो मीटिंग डे’, रहेगा, अधिकारी जनता के बीच पहुंचेंगे और शिकायतों का मौके पर समाधान कराने की कोशिश करेंगे। आपको बता दें कि प्रदेशवासियों के विकास और विश्वास को धरातल पर और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से छिंदवाड़ा से जन विश्वास अभियान की शुरुआत की है। हर शुक्रवार को अधिकारी जनता के बीच जाएंगे और जनकल्याणकारी योजनाओं और लंबित मामलों की जमीनी हकीकत देखेंगे। यह अभियान जनवरी तक पूरे प्रदेश में प्रत्येक शुक्रवार को लगातार चलेगा।
MP Jan Vishwas Abhiyan : शुक्रवार को अभियान के पहले दिन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छिंदवाड़ा जिले में जन शिकायतों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान मिली गड़बड़ियों पर बड़ा एक्शन लिया। कहा कि योजनाओं का लाभ समय पर हितग्राही तक पहुंचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें लापरवाही, उदासीनता या अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं है। बैठक में यह निर्देश दिए कि हर प्रकरण का निराकरण तय समय सीमा में पारदर्शी, संवेदनशील एवं जवाबदेह तरीके से हो। जनता द्वारा बार-बार शिकायत करने की नौबत न आए। अभियान के पहले दिन मुख्यमंत्री ने जिले के मेधावी विद्यार्थियों, प्राकृतिक खेती अपनाकर सफल मॉडल प्रस्तुत करने वाले किसानों, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी, नमो ड्रोन दीदियों से भी आत्मीय संवाद किया। आपको बता दें कि जन विश्वास अभियान के माध्यम से प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक पहुँचकर जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने तथा जनता से सीधा संवाद कर उनके सुझावों और अपेक्षाओं को विकास की दिशा में सहभागी बनाने का संकल्प पूर्वक क्रियान्वयन होगा।

