Bhopal Illegal Construction : रहवासी क्षेत्रों में कमर्शियल गतिविधियों पर कार्रवाई जारी,क्या मास्टर प्लान में देरी बनी व्यापारियों की मुसीबत ?
Bhopal Illegal Construction : भोपाल में अवैध निर्माण और आवासीय क्षेत्रों में व्यावसायिक गतिविधियों के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने प्रदेश सरकार की 10 सदस्यीय समीक्षा समिति की कार्रवाई पर रोक लगा दी है। साथ ही हाईकोर्ट से मिले सभी स्टे आदेश भी निरस्त कर दिए हैं। अदालत ने नगर निगम को बिना किसी ढिलाई के नियमों के अनुसार कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं। सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट कहा कि उसके आदेशों के तहत चल रही कार्रवाई में किसी भी तरह का हस्तक्षेप या समानांतर प्रक्रिया स्वीकार नहीं की जाएगी। अदालत ने राज्य सरकार की ओर से पेश अधिवक्ता से भी नाराजगी जताते हुए कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के समानांतर अलग जांच या समीक्षा नहीं चल सकती।
Bhopal Illegal Construction : नगर निगम ने अदालत को बताया कि वह अवैध निर्माण और आवासीय क्षेत्रों में संचालित व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करना चाहता है, लेकिन विभिन्न स्तरों पर आ रही बाधाओं के कारण कार्रवाई प्रभावित हो रही है। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने साफ कहा कि कानून का पालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए और कार्रवाई में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भोपाल में अवैध निर्माण और आवासीय क्षेत्रों में संचालित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई फिर तेज होगी। हालांकि राजधानी में कुछ क्षेत्रों में व्यावसायिक गतिविधियों का विरोध किया गया है, तो दूसरी ओर व्यापारिक संगठनों ने मिक्स लैंड यूज व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई।
Bhopal Illegal Construction : उनका कहना है कि वर्षों से नया मास्टर प्लान लागू नहीं होने के कारण व्यापारियों को मजबूरी में आवासीय परिसरों से कारोबार करना पड़ रहा है।अदालत के फैसले के बाद भोपाल के व्यापारी नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से मिले और सरकार से सुप्रीम कोर्ट में व्यापारियों का पक्ष मजबूती से रखने की मांग की। व्यापारियों का कहना है कि पिछले 21 सालों से भोपाल का नया मास्टर प्लान लागू नहीं हो पाया। इसके चलते व्यावसायिक भूखंडों की पर्याप्त उपलब्धता नहीं रही और कई लोगों को मजबूरी में रिहायशी क्षेत्रों में दुकानें एवं अन्य व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करनी पड़ीं।
read more : Raat Rani Flower Benefits : रातरानी के फूलों की खुशबू क्यों है इतनी खास? जानिए इतिहास, फायदे और नुकसान

