Har Ghar Tiranga Campaign : मध्य प्रदेश में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 9 से 17 अगस्त 2026 तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और इसे जनआंदोलन का स्वरूप देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में अभियान को विशेष रूप से मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह बातें मंगलवार को मंत्रालय में मंत्रिपरिषद की बैठक से पहले मंत्रीगण को संबोधित करते हुए कहीं।

Har Ghar Tiranga Campaign : 9 से 17 अगस्त तक चलेगा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अभियान के दौरान पूरे प्रदेश में जनभागीदारी के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने नागरिकों से तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी ‘हर घर तिरंगा’ पोर्टल पर अपलोड करने और सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आग्रह किया।
Har Ghar Tiranga Campaign : तिरंगे की थीम पर होंगी विभिन्न प्रतियोगिताएं
अभियान के तहत जिलों में तिरंगे की थीम पर प्रदर्शनी, रंगोली, बुनाई प्रतियोगिता, मेले, कंसर्ट, ई-बाइक और साइकिल रैली, तिरंगा यात्रा, तिरंगा ध्वज बिक्री, तिरंगा एंथम, तिरंगा प्रश्नोत्तरी और स्वयंसेवी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा सैन्य बलों के जवानों और पुलिसकर्मियों के लिए पत्र लेखन कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। स्थानीय स्व-सहायता समूहों और उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से खादी एवं पॉलिएस्टर के राष्ट्रीय ध्वज उपलब्ध कराए जाएंगे।
Har Ghar Tiranga Campaign : 7 अगस्त से शुरू होगा ‘जन विश्वास अभियान-2026’
मुख्यमंत्री ने बताया कि 7 अगस्त से प्रदेश में जन विश्वास अभियान-2026 की शुरुआत होगी। इसकी शुरुआत छिंदवाड़ा जिले से की जाएगी। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य सुशासन, बेहतर सेवा वितरण और जनता से सीधा संवाद स्थापित करना है। मंत्रीगण को जिलों का भ्रमण कर आम लोगों से संवाद करने और अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए गए।
Har Ghar Tiranga Campaign : तीन साल 100% रिजल्ट देने वाले प्राचार्यों को मिलेगा सम्मान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घोषणा की कि जिन शासकीय स्कूलों के प्राचार्यों ने लगातार तीन वर्षों तक बोर्ड परीक्षाओं में 100 प्रतिशत परिणाम दिए हैं, उन्हें एक लाख रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी। साथ ही संबंधित स्कूलों में विकास कार्यों के लिए 5 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि भी उपलब्ध कराई जाएगी।
Har Ghar Tiranga Campaign : सांदीपनि विद्यालयों और ‘मिशन बुनियाद’ पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि गुरुपूर्णिमा के अवसर पर पूरे प्रदेश में महर्षि सांदीपनि गुरु पर्व आयोजित किया गया और ‘मिशन बुनियाद’ की शुरुआत की गई। यह मिशन फिलहाल प्रदेश के आठ जिलों के 500 शासकीय स्कूलों में लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 60 नए सांदीपनि विद्यालयों की सौगात दी गई है और इनके निर्माण पर करीब 25,500 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके अलावा स्कूल शिक्षा विभाग में 10 हजार शिक्षकों की भर्ती का कार्य भी पूरा हो चुका है।
Har Ghar Tiranga Campaign : ग्वालियर बनेगा देश का पहला टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग हब
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि ग्वालियर में देश का पहला टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन विकसित किया जा रहा है। इसके लिए राज्य सरकार और केंद्र सरकार के बीच समझौता हो चुका है। लगभग 350 एकड़ में बनने वाले इस औद्योगिक क्लस्टर में मोबाइल उपकरण, नेटवर्क इक्विपमेंट, ऑप्टिकल फाइबर, सेमीकंडक्टर और 5जी-6जी तकनीक पर अनुसंधान होगा। प्रथम चरण के लिए केंद्र सरकार ने 493 करोड़ रुपये का अनुदान स्वीकृत किया है, जबकि राज्य सरकार 170 एकड़ भूमि निःशुल्क उपलब्ध करा रही है। इस परियोजना से आने वाले वर्षों में 12 से 15 हजार करोड़ रुपये के निवेश और करीब 5 हजार रोजगार सृजित होने की संभावना है।
Har Ghar Tiranga Campaign : निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर मालवा और वेरावल एक्सप्रेस का होगा ठहराव
मुख्यमंत्री ने बताया कि भोपाल के निशातपुरा में 14 करोड़ रुपये की लागत से चौथा रेलवे स्टेशन विकसित किया गया है। यहां मालवा एक्सप्रेस और वेरावल एक्सप्रेस का स्टॉपेज रहेगा, जिससे यात्रियों को भोपाल मुख्य स्टेशन गए बिना सीधी रेल सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नागदा-कटनी रेलवे बायपास सहित कई परियोजनाओं से यात्रियों का समय बच रहा है। वर्तमान में मध्य प्रदेश में 1 लाख 18 हजार करोड़ रुपये की लागत से रेलवे के विभिन्न विकास कार्य जारी हैं। मुख्यमंत्री ने इन परियोजनाओं के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार भी व्यक्त किया।
read more : Health Center Protest : भानुप्रतापपुर में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर जनआक्रोश, बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

