Health Center Protest : भानुप्रतापपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर क्षेत्रवासियों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और नागरिक एसडीएम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, अनियमितताओं को दूर करने और लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

Health Center Protest : बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे एसडीएम कार्यालय
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लंबे समय से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हैं, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अस्पताल में पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने के कारण लोगों को समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा है।
Health Center Protest : डॉक्टर और स्टाफ की कमी दूर करने की मांग
ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने अस्पताल में पर्याप्त डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य आवश्यक कर्मचारियों की नियुक्ति की मांग की। साथ ही अस्पताल में दवाइयों, उपकरणों और अन्य बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया, ताकि क्षेत्र के लोगों को गुणवत्तापूर्ण इलाज मिल सके।
Health Center Protest : हालिया विवाद के बाद फिर गरमाया मामला
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक मरीज के इलाज को लेकर परिजनों और अस्पताल कर्मचारियों के बीच विवाद हुआ था। घटना के बाद अस्पताल के कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन किया था। इस मामले में भानुप्रतापपुर थाना पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था।

Health Center Protest : कर्मचारी संघ ने भी की थी कार्रवाई की मांग
उक्त घटना के बाद अनुसूचित जनजाति कर्मचारी संघ ने भी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। अब दूसरी ओर क्षेत्र के विभिन्न समाजों के लोग स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर एकजुट होकर प्रशासन के सामने पहुंचे हैं।
Health Center Protest : प्रदर्शनकारियों ने क्या कहा
प्रदर्शन में शामिल लोगों का कहना है कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का विरोध करना नहीं है। उनका मकसद केवल क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना है ताकि आम लोगों को समय पर और बेहतर इलाज मिल सके।
Health Center Protest : प्रशासन के सामने अब बड़ी चुनौती
ग्रामीणों द्वारा ज्ञापन सौंपे जाने के बाद अब सभी की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर है। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में व्याप्त समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।

