India Weather Alert : 20 राज्यों में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट, मुंबई-ठाणे सहित कई इलाकों में रेड अलर्ट जारी
India Weather Alert : देशभर में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है और इसका असर उत्तर, पश्चिम तथा पूर्वी भारत के कई राज्यों में देखने को मिल रहा है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र समेत 20 राज्यों में तेज आंधी, गरज-चमक और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ के लिए अत्यधिक भारी बारिश को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार जिन राज्यों में मौसम खराब रहने की संभावना है उनमें दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, तमिलनाडु, झारखंड, कर्नाटक, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, आंध्र प्रदेश, केरल, मिजोरम और त्रिपुरा शामिल हैं। कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने और जलभराव की भी आशंका जताई गई है।

India Weather Alert : दिल्ली में दो दिन बारिश के आसार, यूपी के कई जिलों में 9 जुलाई तक भारी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में 5 और 6 जुलाई को आसमान में बादल छाए रहेंगे और मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। इससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। वहीं उत्तर प्रदेश में मानसून का प्रभाव और अधिक बढ़ने का अनुमान है। प्रयागराज, कौशांबी, फतेहपुर, चित्रकूट, आगरा, वाराणसी, देवरिया, बलिया, सोनभद्र और मिर्जापुर सहित कई जिलों में 9 जुलाई तक भारी बारिश, तेज हवाएं और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।

