India Bullet Train : 2027 में शुरू होगा बुलेट ट्रेन का पहला चरण
India Bullet Train : भारत की बहुप्रतीक्षित मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना का पहला चरण अगले वर्ष यानी 2027 में शुरू होने जा रहा है। रेल मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार, परियोजना के तहत सूरत और वापी के बीच लगभग 100 किलोमीटर लंबे सेक्शन पर हाई-स्पीड ट्रेन का व्यावसायिक संचालन शुरू किया जाएगा। यह देश की पहली बुलेट ट्रेन सेवा होगी।

India Bullet Train : 508 किलोमीटर लंबा होगा पूरा कॉरिडोर
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर की कुल लंबाई 508 किलोमीटर है। इसमें:
348 किमी गुजरात में
156 किमी महाराष्ट्र में
4 किमी दादरा और नगर हवेली में
शामिल है। यह परियोजना भारत के सबसे बड़े हाई-स्पीड रेल प्रोजेक्ट्स में से एक मानी जा रही है।
India Bullet Train : सूरत-वापी सेक्शन पर पहले दौड़ेगी हाई-स्पीड ट्रेन
भारतीय रेल के अतिरिक्त महानिदेशक धर्मेंद्र तिवारी ने बताया कि कॉरिडोर का अधिकांश निर्माण कार्य तेजी से पूरा हो रहा है। पहले चरण में सूरत से वापी के बीच लगभग 100 किलोमीटर के हिस्से पर बुलेट ट्रेन का संचालन शुरू किया जाएगा। यह सेक्शन पूरे प्रोजेक्ट का पहला परिचालन चरण होगा।
India Bullet Train : 12 स्टेशनों से होकर गुजरेगी बुलेट ट्रेन
मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर पर कुल 12 स्टेशन बनाए जा रहे हैं।
इनमें शामिल हैं : साबरमती, अहमदाबाद, आणंद, वडोदरा,भरूच, सूरत, बिलिमोरा, वापी, बोइसर, विरार, ठाणे और मुंबई।
India Bullet Train : 320 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी ट्रेन
देश की पहली बुलेट ट्रेन 320 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार से चलेगी। पूरी 508 किलोमीटर की दूरी महज 2 घंटे 7 मिनट में तय की जा सकेगी, जिससे यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा।
India Bullet Train : जापान की शिंकानसेन तकनीक पर आधारित है परियोजना
यह परियोजना जापान की विश्व प्रसिद्ध शिंकानसेन (Shinkansen) तकनीक पर आधारित है। इसकी शुरुआत वर्ष 2017 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान के तत्कालीन प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने की थी।
India Bullet Train : 2023 तक पूरा होना था प्रोजेक्ट
इस महत्वाकांक्षी परियोजना को मूल रूप से 2023 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन भूमि अधिग्रहण, लागत में वृद्धि और अन्य तकनीकी कारणों से इसमें देरी हुई। अब पहले चरण का संचालन 2027 में शुरू होने की उम्मीद है, जबकि पूरे कॉरिडोर के पूरा होने में अभी कुछ और समय लगेगा।

