CG Champa Visit : चांपा पहुंचे मुख्यमंत्री, दिवंगत बंशीलाल देवांगन को दी श्रद्धांजलि
CG Champa Visit : जांजगीर-चांपा जिले के चांपा में सोमवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पहुंचे। उनके साथ मंत्री गुरु खुशवंत साहेब भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रांत कार्यवाह चंद्रशेखर देवांगन के पिता स्वर्गीय बंशीलाल देवांगन के दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

CG Champa Visit : परिजनों को बंधाया ढांढस
मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय बंशीलाल देवांगन को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार और समाज शोकाकुल परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति तथा परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
CG Champa Visit : विकसित छत्तीसगढ़ के लिए सरकार कर रही लगातार काम
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार अपने ढाई वर्ष के कार्यकाल में विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लक्ष्य के साथ लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास योजनाओं को तेजी से लागू कर रही है ताकि आम नागरिकों को उनका लाभ समय पर मिल सके।
CG Champa Visit : मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शुरू करने की दी जानकारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए राज्य सरकार मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शुरू करने जा रही है। इस पहल का उद्देश्य नागरिकों की शिकायतों का शीघ्र और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करना है।
CG Champa Visit : कांग्रेस के दावों पर साधा निशाना
कांग्रेस द्वारा आगामी विधानसभा चुनाव के बाद सरकार बनाने के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस का जनाधार लगातार कमजोर हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपना राजनीतिक अस्तित्व बचाने के लिए ऐसे दावे कर रही है, जबकि जनता का भरोसा वर्तमान सरकार के विकास कार्यों पर है।

