CG Top 10 : 1 बिना लोकेशन ट्रैकिंग वाली बसों पर सख्ती, परिवहन विभाग ने बनाया नया रोडमैप
CG Top 10 : छत्तीसगढ़ में यात्री सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए परिवहन विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। अब बिना लोकेशन ट्रैकिंग सिस्टम (Vehicle Location Tracking System) से संचालित यात्री बसों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली है। अधिकारियों का कहना है कि इस व्यवस्था से बसों की निगरानी आसान होगी और आपात स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।

2 बहन की शादी से पहले भाई की करंट लगने से मौत, खुशियां मातम में बदलीं
हरदा जिले के जामन्याकला गांव में बहन की शादी की तैयारियों के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। 19 वर्षीय लक्ष्मण कोरकू शादी की सजावट के लिए लाइटिंग का काम कर रहा था, तभी टूटी हुई बिजली की तार की चपेट में आने से उसे करंट लग गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद शादी का माहौल शोक में बदल गया और पूरे गांव में मातम छा गया।
3 बलरामपुर में सहायक शिक्षक निलंबित, नियुक्ति के समय जानकारी छिपाने का आरोप
बलरामपुर जिले में शिक्षा विभाग ने सहायक शिक्षक हंसराज सिंह को निलंबित कर दिया है। आरोप है कि उन्होंने नियुक्ति के दौरान संतान संबंधी आवश्यक जानकारी छिपाई थी। जिला शिक्षा अधिकारी ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए उनका मुख्यालय बीईओ कार्यालय शंकरगढ़ निर्धारित किया है। इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में चर्चा तेज हो गई है।
4 रायपुर पुलिस का बड़ा एक्शन, 2.32 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त
रायपुर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्कर हेमराज राव और उसके परिवार की करीब 2.32 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर ली है। सफेमा एक्ट के तहत मकान, जमीन, वाहन और बैंक खातों को फ्रीज किया गया है। पुलिस का कहना है कि अवैध संपत्ति के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
5 एनसीईआरटी के नए पाठ्यक्रम पर छिड़ी राजनीतिक बहस
एनसीईआरटी की नई सामाजिक विज्ञान पुस्तक में वैदिक परंपरा और आपातकाल से जुड़े विषय शामिल किए जाने के बाद राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। कांग्रेस और भाजपा के बीच इस बदलाव को लेकर तीखी बयानबाजी शुरू हो गई है। नई किताब आगामी शैक्षणिक सत्र से कक्षा 9 के विद्यार्थियों को पढ़ाई जाएगी।
6 चिकित्सा शिक्षा विभाग ने जारी किए पदोन्नति आदेश
छत्तीसगढ़ चिकित्सा शिक्षा विभाग ने विभिन्न सरकारी मेडिकल कॉलेजों में कार्यरत सह प्राध्यापकों को प्राध्यापक पद पर पदोन्नत करने के आदेश जारी किए हैं। कम्युनिटी मेडिसिन, सर्जरी, पैथोलॉजी समेत 20 विभागों के चिकित्सकों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। विभाग ने सभी पदोन्नत अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।
7 बस्तर रेंज को मिला नया आईजी, बद्रीनारायण मीणा संभालेंगे जिम्मेदारी
राज्य सरकार ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी बद्रीनारायण मीणा को बस्तर रेंज का नया पुलिस महानिरीक्षक नियुक्त किया है। गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के बाद उन्होंने नई जिम्मेदारी संभालने की तैयारी शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर विशेष जोर रहेगा।
8 रायपुर रोजगार मेले में 900 से ज्यादा युवाओं को मिला रोजगार
रायपुर में आयोजित संभाग स्तरीय रोजगार मेले में युवाओं को बड़ी राहत मिली। विभिन्न निजी कंपनियों ने सेल्स, तकनीकी, मेडिकल और प्रशासनिक क्षेत्रों में 900 से अधिक अभ्यर्थियों का चयन किया। इस मेले में आठवीं पास से लेकर इंजीनियरिंग और एमबीबीएस डिग्रीधारी युवाओं ने हिस्सा लिया।
9 पीडीएस चावल घोटाले पर कार्रवाई तेज, कई राशन दुकानों पर जांच
रायपुर में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत चावल वितरण में अनियमितताओं के मामले सामने आने के बाद खाद्य विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। जोरा स्थित एक उचित मूल्य दुकान में 389 क्विंटल चावल कम मिलने पर एफआईआर दर्ज की गई है। अन्य दुकानों में भी स्टॉक में भारी कमी मिलने पर नोटिस जारी किए गए हैं।
10 रिश्वत लेते पटवारी और बाबू गिरफ्तार, एसीबी की दोहरी कार्रवाई
भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान के तहत एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बिलासपुर और रतनपुर में दो अलग-अलग ट्रैप कार्रवाई की। एक पटवारी को 25 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया, जबकि दूसरे मामले में बिजली का खंभा लगाने के बदले रिश्वत मांगने वाले बाबू को भी गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है।
read more : Imtiaz Ali : बॉलीवुड के उस कहानीकार की कहानी, जिसकी फिल्में प्यार से ज्यादा जिंदगी को समझाती हैं

