MP Youth Year : ‘युवा वर्ष’ में रहेगा रोजगार-स्टार्टअप पर फोकस,युवाओं के दम पर अब विकास की नई उड़ान
MP Youth Year : मध्यप्रदेश की युवा शक्ति को नई उड़ान देने की तैयारी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्ष 2027 को ‘युवा वर्ष’ के रूप में मनाने की घोषणा की है। शिक्षा, कौशल, रोजगार और अनुसंधान के क्षेत्र में बड़े बदलावों के जरिए प्रदेश के युवाओं को सशक्त बनाने का रोडमैप तैयार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवाओं को प्रदेश के विकास का सबसे बड़ा भागीदार बताते हुए कहा है कि आने वाला वर्ष युवाओं के कौशल, रोजगार, नवाचार, खेल और नेतृत्व क्षमता को समर्पित रहेगा। राज्य सरकार प्रदेश के युवाओं के विकास और सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है। चाहे वो शिक्षा का क्षेत्र हो, खेलकूद हो, कौशल विकास हो, टैक्नॉलोजी या रोजगार के अवसरों को बढ़ावा, जैसी चीजों को सरकार के प्रयास हर स्तर पर लगातार किये जा रहे हैं।
MP Youth Year : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्पष्ट किया कि सरकार का पूरा ध्यान रोजगारपरक और वोकेशनल पाठ्यक्रमों पर है। कॉलेजों में खाद्य प्रसंस्करण, आर्किटेक्चर और कृषि विज्ञान जैसे विषयों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने घोषणा की कि आने वाला वर्ष ‘युवा वर्ष’ के रूप में मनाया जाएगा, जिसके लिए शिक्षा सहित अन्य संबंधित विभाग छात्रों के हित में नई योजनाएं तैयार कर रहे हैं। इसके अलावा, कक्षा 12वीं पास करने वाले छात्रों के भविष्य को सही दिशा देने के लिए विशेष काउंसलिंग की व्यवस्था भी की जाएगी। इससे पहले वर्ष 2026 को किसान वर्ष के रूप में मनाने की घोषणा की गई थी, जबकि 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाने की बात मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक मंचों पर कही है। सरकार का मानना है कि प्रदेश की युवा शक्ति ही विकसित मध्यप्रदेश की सबसे बड़ी ताकत है और “युवा वर्ष 2027” इसी सोच को आगे बढ़ाने का अभियान होगा।

