CM Vishnudev Sai : महासमुंद जिले के कमरौंद गांव में मुख्यमंत्री का औचक दौरा
CM Vishnudev Sai : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को महासमुंद जिले के बागबाहरा ब्लॉक स्थित ग्राम कमरौंद पहुंचे। सुशासन तिहार के तहत किए गए इस औचक दौरे में मुख्यमंत्री ने सीधे ग्रामीणों, किसानों और महिलाओं से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। गांव पहुंचने पर सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक राजू सिन्हा, कलेक्टर, एसपी, डीएफओ और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया।

CM Vishnudev Sai : मां दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना कर की खुशहाली की कामना
ग्राम कमरौंद पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सबसे पहले मां दुर्गा मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गांव के बच्चों के साथ आत्मीयता से मुलाकात की और उनके साथ सेल्फी भी ली।
CM Vishnudev Sai : बरगद के पेड़ के नीचे लगी चौपाल
मुख्यमंत्री ने गांव के मुख्य चौक में बरगद के पेड़ के नीचे चौपाल लगाई। यहां उन्होंने ग्रामीणों और किसानों से वन-टू-वन चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने लोगों को सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए भरोसा दिलाया कि सरकार हर समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।

CM Vishnudev Sai : महिलाओं और हितग्राहियों से जानी योजनाओं की जमीनी हकीकत
सीएम साय ने महिला स्व-सहायता समूहों, मितानिन दीदियों, महतारी वंदन योजना से लाभान्वित महिलाओं और प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से चर्चा की। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।
CM Vishnudev Sai : कमरौंद के लिए की कई बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ग्रामीणों की मांग पर कमरौंद में सर्व सुविधायुक्त भवन निर्माण, कमरौंद से चरौदा तक 4 किलोमीटर सड़क निर्माण और गांव में मुक्तिधाम निर्माण की घोषणा की। इन घोषणाओं से ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला।
CM Vishnudev Sai : जल्द जारी होगा टोल फ्री नंबर
मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार के तहत यह उनका 16वां जिला दौरा है। उन्होंने बताया कि सरकार लगातार गांव-गांव जाकर कामकाज की समीक्षा कर रही है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में समाधान शिविर आयोजित कर विभिन्न विभागों की समस्याओं का मौके पर निराकरण किया जा रहा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही सरकार एक टोल फ्री नंबर जारी करेगी, जिसके माध्यम से आम नागरिक सीधे अपनी शिकायतें और समस्याएं दर्ज करा सकेंगे।

CM Vishnudev Sai : संसाधनों के उपयोग में संयम बरतने की अपील
मुख्यमंत्री ने जनता से बढ़ती जरूरतों और सीमित संसाधनों को देखते हुए धैर्य बनाए रखने की अपील की। उन्होंने गैस, पेट्रोल, डीजल और खाद जैसी आवश्यक वस्तुओं के उपयोग में संयम बरतने की बात कही। साथ ही किसानों को भरोसा दिलाया कि सरकार सिंचाई सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
CM Vishnudev Sai : सिंचाई परियोजनाओं पर भी दी जानकारी
सीएम साय ने सिरपुर बैराज और सीकासेर क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्था को लेकर भी जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।इस दौरान मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार, विशेष सचिव रजत बंसल, संभागायुक्त श्याम धावड़े, कलेक्टर विनय लंगेह, पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
READ MORE : Maternal Mortality Rate : माँ और शिशु स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है राज्य सरकार – मुख्यमंत्री डॉ. यादव

