NEET Paper Leak 2026 : NEET UG 2026 पेपर लीक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने पुणे की वरिष्ठ बॉटनी प्रोफेसर मनीषा गुरुनाथ मंधारे को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी का आरोप है कि मेडिकल प्रवेश परीक्षा से पहले बायोलॉजी के प्रश्न चुनिंदा छात्रों तक पहुंचाए गए। मंधारे को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने परीक्षा प्रक्रिया में विषय विशेषज्ञ के तौर पर नियुक्त किया था।
NEET Paper Leak 2026 : कौन हैं मनीषा मंधारे?
मनीषा गुरुनाथ मंधारे पुणे के शिवाजीनगर स्थित एक कॉलेज में बॉटनी की प्रोफेसर हैं। जांच एजेंसियों के मुताबिक, वह कई वर्षों से NEET परीक्षा के प्रश्न तैयार करने की प्रक्रिया से जुड़ी थीं। इसी वजह से उन्हें परीक्षा की गोपनीय सामग्री तक पहुंच हासिल थी।
CBI का दावा है कि मंधारे ने बायोलॉजी और जूलॉजी विषय के प्रश्न तैयार करने में भूमिका निभाई थी और परीक्षा से पहले कुछ उम्मीदवारों तक संवेदनशील जानकारी पहुंचाई।

NEET Paper Leak 2026 : घर पर चलती थीं विशेष कोचिंग क्लास
जांच में सामने आया है कि अप्रैल 2026 के दौरान मंधारे ने अपने घर पर कुछ छात्रों के लिए विशेष कोचिंग सत्र आयोजित किए थे। आरोप है कि इन क्लासों में उन्हीं सवालों पर चर्चा कराई गई, जो बाद में NEET UG 2026 परीक्षा में पूछे गए।
छात्रों को कथित तौर पर सवाल नोटबुक में लिखने और संबंधित टॉपिक को किताबों में हाईलाइट करने के निर्देश दिए गए थे।
NEET Paper Leak 2026 : CBI को क्या मिला?
CBI ने बताया कि देशभर में कई जगहों पर छापेमारी की गई है। इस दौरान लैपटॉप, मोबाइल फोन, दस्तावेज और बैंक रिकॉर्ड जब्त किए गए हैं। डिजिटल फॉरेंसिक जांच जारी है।
जांच एजेंसी यह भी पता लगाने में जुटी है कि क्या परीक्षा प्रणाली के भीतर से अन्य लोग भी इस नेटवर्क में शामिल थे।
NEET Paper Leak 2026 : दूसरी गिरफ्तारी भी पुणे से
इस मामले में पुणे से गिरफ्तार होने वाली मंधारे दूसरी शिक्षिका हैं। इससे पहले केमिस्ट्री प्रोफेसर पीवी कुलकर्णी को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। एजेंसियों को शक है कि पेपर लीक का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हो सकता है।
NEET Paper Leak 2026 : कोर्ट ने भेजा CBI रिमांड पर
दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने मनीषा मंधारे को 14 दिनों की CBI हिरासत में भेज दिया है। एजेंसी अब उनसे पूछताछ कर पेपर लीक नेटवर्क के अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
NEET Paper Leak 2026 : NTA की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
इस पूरे मामले के बाद NTA की परीक्षा सुरक्षा प्रणाली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। विपक्षी दलों और छात्रों ने परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर चिंता जताई है। वहीं शिक्षा मंत्रालय ने मामले की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।

