Fertilizer Scam : बिना जानकारी किसानों के नाम पर निकाला गया लोन, बायोमेट्रिक के बावजूद खाद वितरण में गड़बड़ी
Fertilizer Scam : छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले में किसानों के नाम पर फर्जी कर्ज और खाद वितरण में गड़बड़ी का गंभीर मामला सामने आया है। डोकरभाठा सोसायटी में कथित तौर पर किसानों के हितों की अनदेखी करते हुए बड़े स्तर पर फर्जीवाड़ा किए जाने के आरोप लगे हैं।किसानों का कहना है कि उनके नाम पर बिना जानकारी के सी.सी. लोन (कैश क्रेडिट) निकाल लिया गया। जब वे स्वयं लोन लेने के लिए सोसायटी पहुंचे, तब उन्हें पता चला कि उनके नाम पर पहले से ही कर्ज दर्ज है। इससे दस्तावेजों के दुरुपयोग की आशंका जताई जा रही है।वहीं खाद वितरण को लेकर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं। किसानों के अनुसार, जब वे खाद लेने पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि उनके नाम से पहले ही अधिक मात्रा में खाद उठाया जा चुका है। जबकि नियम के अनुसार बायोमेट्रिक (अंगूठा लगाकर) सत्यापन के बाद ही खाद वितरण किया जाना चाहिए। ऐसे में बिना किसान की मौजूदगी के खाद निकलना बड़ी गड़बड़ी की ओर इशारा करता है।

Fertilizer Scam : दो बार शिकायत के बाद भी जांच ठंडे बस्ते में, किसानों में बढ़ा आक्रोश
Fertilizer Scam : कुछ किसानों ने यह भी बताया कि उन्होंने अपने पुराने कर्ज का पूरा भुगतान कर दिया है और उनके पास रसीद भी मौजूद है, इसके बावजूद बैंक रिकॉर्ड में अब भी कर्ज दिखाया जा रहा है।इस पूरे मामले में किसानों ने दो बार शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक न तो कोई ठोस जांच शुरू हुई है और न ही किसी जिम्मेदार पर कार्रवाई की गई है। इससे किसानों में भारी नाराजगी और आक्रोश देखने को मिल रहा है।किसानों ने मांग की है कि मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और जिनके नाम पर फर्जी कर्ज चढ़ाया गया है, उसे तत्काल हटाया जाए।फिलहाल खेती का सीजन नजदीक है और किसान तैयारियों में जुटे हैं। ऐसे में यदि समय रहते समाधान नहीं हुआ, तो इसका सीधा असर उनकी फसल और आजीविका पर पड़ सकता है। अब देखना होगा कि खैरागढ़ प्रशासन इस गंभीर मामले पर कब तक संज्ञान लेता है।
read more : Dead Body Found : दुर्ग में हाईवा ड्राइवर का शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

