MP NEWS : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 3 हजार करोड़ की लागत वाली सड़क परियोजना की स्वीकृति दी, स्थानीय किसानों को उचित मुआवजा और लाभ सुनिश्चित
MP NEWS : किसानों ने मुख्यमंत्री का किया स्वागत
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा इंदौर-उज्जैन ग्रीनफील्ड मार्ग निर्माण के किसानों के हित में उचित मुआवजा और जमीनी स्तर पर निर्माण स्वीकृति देने पर सांवेरवासियों ने मुख्यमंत्री निवास जाकर आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री का स्वागत पगड़ी और बड़ी माला पहनाकर किया गया। इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट भी उपस्थित थे।

MP NEWS : इंदौर और उज्जैन की दूरी होगी कम
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना से इंदौर और उज्जैन के बीच सफर सवा घंटे की जगह आधे घंटे में पूरा हो जाएगा। तेज कनेक्टिविटी से क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी, स्थानीय उद्योग, लॉजिस्टिक पार्क, मण्डियों तक किसानों की पहुंच और व्यापारियों तथा उद्योगों को प्रत्यक्ष लाभ होगा। यह मार्ग देश के प्रमुख औद्योगिक और व्यापारिक केंद्रों को जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
MP NEWS : किसानों और सरकार के बीच भरोसे का प्रतीक
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मार्ग पारंपरिक और ऐतिहासिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। इंदौर के 20 और उज्जैन के 6 गांव इस परियोजना से लाभान्वित होंगे। सिंहस्थ के दौरान मार्ग की उपयोगिता और सुविधाजनक यात्रा भी सुनिश्चित होगी। मुख्यमंत्री ने कहा, “किसानों के सुझावों के अनुसार मार्ग का निर्माण और उचित मुआवजा देना इस बात का परिचायक है कि सरकार जो कहती है वह करके दिखाती है। यह परियोजना किसान और सरकार के बीच विश्वास की मिसाल बनेगी।”
MP NEWS : किसानों को मिलेगा 816 करोड़ रुपए से अधिक का मुआवजा
जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने कहा कि मुख्यमंत्री किसानों की पीड़ा और कष्ट को समझते हैं। इस परियोजना में किसानों को 816 करोड़ रुपए से अधिक का मुआवजा वितरित किया जाएगा। मंत्री ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद और कृतज्ञता व्यक्त की।

