Isa Ahmad
REPORT- SUNIL KUMAR
हापुड़। जनपद हापुड़ में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर बाइक सवार दो हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े एक व्यापारी से 85 लाख रुपये की लूट की वारदात को अंजाम देकर इलाके में सनसनी फैला दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार व्यापारी हापुड़ से 85 लाख रुपये की नकदी लेकर बाइक से दादरी जा रहा था। इसी दौरान पहले से पीछा कर रहे बाइक सवार बदमाशों ने व्यापारी की बाइक में लात मारकर उसे सड़क पर गिरा दिया। इसके बाद हथियार के बल पर बदमाशों ने व्यापारी से रुपयों से भरा बैग छीना और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और व्यापारी से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके।
दिनदहाड़े हाईवे पर हुई इस बड़ी लूट की घटना से व्यापारियों में दहशत का माहौल है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पिलखुवा कोतवाली पुलिस और अन्य टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं।





