चमोली सुरंग हादसा : उत्तराखंड के चमोली जिले में निर्माणाधीन सुरंग में हुए हादसे ने कई परिवारों को चिंता में डाल दिया है। विष्णुगाड-पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग में गुरुवार शाम अचानक पानी और मलबा भरने के बाद सुरंग का एक हिस्सा धंस गया। हादसे के वक्त सुरंग के अंदर 29 श्रमिक काम कर रहे थे। झारखंड सरकार के अनुसार, इस दुर्घटना में राज्य के कुल सात श्रमिक प्रभावित हुए हैं। इनमें एक श्रमिक की मौत हो गई, पांच घायल हैं, जबकि एक अन्य श्रमिक के सुरंग में फंसे होने की जानकारी सामने आई है।

चमोली सुरंग हादसा : चमोली सुरंग हादसे में सात श्रमिक प्रभावित
चमोली सुरंग हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। हादसे में कुल सात श्रमिकों की मौत की सूचना है, जबकि 19 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। तीन श्रमिक अभी भी लापता बताए जा रहे हैं और उन्हें बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। झारखंड सरकार ने अपने राज्य के प्रभावित श्रमिकों की जानकारी जुटाने के साथ उनके परिवारों तक आधिकारिक सूचना पहुंचाने की व्यवस्था की है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर श्रम आयुक्त कार्यालय के राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष को सक्रिय किया गया है।
चमोली सुरंग हादसा : झारखंड के एक श्रमिक की हादसे में मौत
हादसे में पूर्वी सिंहभूम जिले के डूगरिया प्रखंड के पलसबनी गांव निवासी श्विजय हांसदा की मौत हो गई। राज्य सरकार और कंपनी प्रशासन की ओर से उनके पार्थिव शरीर को पैतृक गांव पहुंचाने की प्रक्रिया पूरी की गई है। एम्बुलेंस के जरिए पार्थिव शरीर को उनके गांव के लिए रवाना किया जा रहा है। मृतक श्रमिक के परिवार को अंतिम संस्कार के लिए कंपनी की ओर से तत्काल आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई गई है।
चमोली सुरंग हादसा : पांच श्रमिक घायल, एक की हालत गंभीर
दुर्घटना में झारखंड के पांच श्रमिक घायल हुए हैं। खूँटी जिले के तपकरा निवासी हाबिल गुड़िया, तोरपा निवासी निथिर भिंगरा और सुरुने निवासी दीना बेगरा को हल्की चोटें आई हैं।
गुमला जिले के कटकाही निवासी विनोद रावना के दाहिने पैर में फ्रैक्चर हुआ है। वहीं पूर्वी सिंहभूम जिले के डूगरिया निवासी खेला राम बिसरा गंभीर रूप से घायल बताए गए हैं। सभी घायलों का नजदीकी अस्पतालों में उपचार कराया जा रहा है और उन्हें आवश्यक चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
चमोली सुरंग हादसा : सुरंग में फंसे श्रमिक की तलाश जारी
चमोली सुरंग हादसे के बाद तीन श्रमिकों के अब भी सुरंग में फंसे होने की जानकारी है। इनमें एक श्रमिक के झारखंड का होने की पुष्टि हुई है। हालांकि, उसकी सटीक पहचान और वर्तमान स्थिति की जानकारी जुटाने के लिए राज्य सरकार संबंधित अधिकारियों और कंपनी प्रशासन के संपर्क में है। फंसे हुए श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए राहत और बचाव दल लगातार अभियान चला रहे हैं। राज्य सरकार ने भी रेस्क्यू प्रक्रिया की जानकारी हासिल करने और प्रभावित श्रमिक के परिवार तक जरूरी सूचना पहुंचाने के लिए समन्वय तेज कर दिया है।
चमोली सुरंग हादसा : मृतक के परिवार को मुआवजा और सरकारी लाभ दिलाने की तैयारी
झारखंड सरकार की ओर से मृतक श्रमिक के पार्थिव शरीर को राज्य में लाने के साथ ही परिवार को नियमानुसार मिलने वाले मुआवजे, बीमा राशि और अन्य वैधानिक लाभ उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है। सरकार का कहना है कि प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता दिलाने के लिए संबंधित विभाग और प्रशासन लगातार कंपनी के साथ समन्वय कर रहे हैं।
चमोली सुरंग हादसा : मुख्यमंत्री के निर्देश पर तेज किया गया राहत कार्य
हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष के माध्यम से प्रभावित श्रमिकों के परिजनों को उनकी स्थिति से जुड़ी प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। फिलहाल चमोली में फंसे श्रमिकों को सुरक्षित निकालना प्राथमिकता है। राहत और बचाव अभियान जारी है और झारखंड सरकार उत्तराखंड प्रशासन तथा संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क में है।

