रिपोट-ऋषभ जैन
Tikamgarh news: टीकमगढ़ जिले में नकली सोने की ईंटें दिखाकर एक महिला से सत्तर हजार रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। लालच में आकर महिला ठगी का शिकार हो गई, लेकिन आरोपी की अधिक पैसों की चाहत ही अंततः उसकी गिरफ्तारी का कारण बन गई। यह घटना टीकमगढ़ शहर के पास स्थित ग्राम गड़ाघाट की है।
इलाज के बहाने घर में घुसा आरोपी
ग्राम गड़ाघाट निवासी गुड्डी बाई अहिरवार के खेत पर एक अज्ञात युवक पहुंचा और खुद को उनके बीमार पिता के इलाज के लिए आया हुआ बताया। युवक की बातों में आकर महिला उसे अपने घर ले आई। घर पहुंचकर आरोपी ने पहले बीमार पिता का इलाज करने का नाटक किया और भरोसा जीत लिया।
गड़े धन और सोने की ईंटों का झांसा
इलाज के बाद युवक ने महिला को यह कहकर भ्रमित किया कि उसके घर में जमीन के नीचे धन गड़ा हुआ है, जिसमें सोने की ईंटें हो सकती हैं। उसने दावा किया कि वह यह धन निकाल सकता है। लालच में आकर महिला ने खुदाई की अनुमति दे दी। आरोपी ने थोड़ी खुदाई का नाटक किया और एक पोटली में नकली सोने जैसी ईंटें निकालने का दिखावा किया।
पूजा के नाम पर नकली ईंटें सौंपी
आरोपी ने महिला को पोटली सौंपते हुए कहा कि तेरह दिनों तक इसकी पूजा करना, उसके बाद ही खोलना। उसने यह भी कहा कि यह सोना लाखों रुपये का है और बदले में महिला से घर में रखे नकद रुपये मांगे। झांसे में आकर महिला ने घर में रखे सत्तर हजार रुपये उसे दे दिए।
परिजनों के सामने खुला धोखाधड़ी का राज
जब आरोपी ने और पैसों की मांग की, तो महिला ने अगले दिन देने की बात कही। रात में महिला ने परिजनों को पूरी घटना बताई। शक होने पर परिजनों ने पोटली खोलकर देखी, जिसमें पीतल की नकली ईंटें निकलीं। यह देख परिवार के होश उड़ गए।
दूसरे दिन पकड़ा गया ठग
अगले दिन जब आरोपी दोबारा पैसे लेने महिला के घर पहुंचा, तो पहले से सतर्क परिजनों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी की पहचान पातारखेरा गांव निवासी किशोरी अहिरवार के रूप में हुई है।
पुलिस कर रही पूछताछ
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि उसने इससे पहले इस तरह की ठगी कितने लोगों के साथ की है। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस उसके पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।





