RSS Expansion : शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में 3842 शाखाएं संचालित, समाज की बढ़ी सहभागिता
RSS Expansion : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर मध्य भारत प्रांत में संगठनात्मक गतिविधियों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। हरियाणा के पट्टीकल्याणा (समालखा) में आयोजित अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा में प्रस्तुत रिपोर्ट के अनुसार, संघ का कार्य शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में तेजी से विस्तार कर रहा है।

वर्तमान में मध्य भारत प्रांत के 2481 स्थानों पर कुल 3842 शाखाएं संचालित हो रही हैं, जिनमें महानगरों में 544 और ग्रामीण क्षेत्रों में 3298 शाखाएं शामिल हैं। इसके अलावा 736 साप्ताहिक मिलन और 271 सेवा उपक्रमों के माध्यम से समाज में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
RSS Expansion : संघ द्वारा संचालित सेवा कार्यों में भी वृद्धि देखने को मिली है। 1013 चिन्हित सेवा बस्तियों में से 970 में विभिन्न सेवा गतिविधियां संचालित हो रही हैं, जबकि 611 बस्तियों में स्वयंसेवकों का नियमित संपर्क बना हुआ है।
शताब्दी वर्ष के तहत आयोजित कार्यक्रमों में समाज की व्यापक भागीदारी देखने को मिली है। विजयादशमी उत्सव, हिन्दू सम्मेलन और गृह संपर्क अभियान जैसे आयोजनों में लाखों लोग जुड़े। विशेष रूप से 1569 हिन्दू सम्मेलनों में 52 लाख से अधिक नागरिकों की भागीदारी दर्ज की गई, जो समाज में संघ के बढ़ते प्रभाव को दर्शाती है।
RSS Expansion : गृह संपर्क अभियान के अंतर्गत लगभग 80 हजार स्वयंसेवकों ने 27 लाख से अधिक परिवारों से संपर्क स्थापित किया। इसके साथ ही प्रमुखजन गोष्ठियों और संवाद कार्यक्रमों के जरिए समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने का प्रयास किया गया।
RSS Expansion : संघ के स्वयंसेवक केवल संगठन विस्तार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन के कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। नशामुक्ति अभियान, पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त अभियान और गौसंरक्षण जैसे अनेक उपक्रमों के जरिए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं।
प्रतिवेदन के अनुसार, पूरे देश में भी संघ का विस्तार लगातार बढ़ रहा है। वर्तमान में 55,683 स्थानों पर 88,949 शाखाएं संचालित हो रही हैं, जो पिछले वर्ष की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि को दर्शाता है।

