रिपोर्टर: शैलेंद्र पारे
रतलाम: शहर में बढ़ते ध्वनि प्रदूषण और मॉडिफाइड बाइक कल्चर को रोकने के उद्देश्य से रतलाम ट्रैफिक पुलिस ने आज विशेष अभियान चलाया। रतलाम डीएसपी आनंद सोनी के निर्देशन में पुलिस ने 100 से अधिक मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त कर बुलडोजर से नष्ट कर दिए।
डीएसपी आनंद सोनी ने बताया कि कई बार चेतावनी देने के बावजूद कुछ बाइक सवार तेज आवाज वाले साइलेंसर का उपयोग कर रहे थे, जिससे आम जनता को परेशानी हो रही थी। इस अभियान में ट्रैफिक पुलिस ने ऐसे चालकों पर सख्त कार्रवाई करते हुए उनके साइलेंसर जब्त किए और दो बत्ती पर बुलडोजर चलाकर उन्हें नष्ट कर दिया।
पुलिस अधिकारियों ने इस कार्रवाई के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया कि रतलाम में किसी भी स्थिति में अवैध मॉडिफिकेशन और शोरगुल वाले साइलेंसर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। डीएसपी आनंद सोनी ने युवाओं से अपील की कि वे नियमों का पालन करें और अपने वाहनों में किसी भी प्रकार का अवैध बदलाव न करें। पुलिस ने यह भी बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।





