BY: Yoganand Shrivastva
नई दिल्ली: दिल्ली एयरपोर्ट पर शुक्रवार को एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) सिस्टम में तकनीकी खराबी के कारण 300 से ज्यादा उड़ानों में देरी हुई। इससे यात्रियों को लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ा और कई लोग परेशान नजर आए।
सूत्रों के अनुसार, गुरुवार शाम से ही तकनीकी खराबी के चलते एयर कंट्रोलर्स को उड़ानों का शेड्यूल नहीं मिल पा रहा है। ATC के अधिकारी फिलहाल मैन्युअली फ्लाइट शेड्यूल तैयार कर रहे हैं। इस समस्या के चलते कई उड़ानों को एक घंटा या उससे अधिक देरी से रवाना किया गया।
विशेषज्ञों ने बताया कि ऑटोमेटिक मैसेज स्विच सिस्टम (AMSS) में गड़बड़ी आई है। यह सिस्टम टेकऑफ और लैंडिंग का शेड्यूल विमान और एयर ट्रैफिक कंट्रोल को देता है। खराबी के कारण दिल्ली एयरपोर्ट के अलावा भोपाल, चंडीगढ़, अहमदाबाद और अमृतसर जैसे एयरपोर्ट्स पर भी उड़ानों में देरी देखने को मिली।
लेट फ्लाइट्स के असर के मुख्य बिंदु:
- यात्रियों को परेशानी: चेक-इन, बोर्डिंग और गेट पर इंतजार लंबा हुआ; कनेक्शन फ्लाइट छूटने का खतरा बढ़ा।
- ऑपरेशन प्रभावित: दिल्ली एयरपोर्ट पर रोजाना 1,500 से अधिक फ्लाइट्स आती-जाती हैं; देरी के कारण एयरलाइन और एयरपोर्ट के काम प्रभावित हुए।
- अन्य एयरपोर्ट्स पर असर: बेतिया, लखनऊ, जयपुर, चंडीगढ़, अहमदाबाद और अमृतसर एयरपोर्ट्स पर भी उड़ानों में देरी हुई।
- अपकमिंग फ्लाइट्स पर प्रभाव: लेट फ्लाइट्स के कारण आने वाली उड़ानों का शेड्यूल भी प्रभावित हो रहा है।
- अहमदाबाद एयरपोर्ट पर दिल्ली से आने वाली कई उड़ानें 1.5 से 3 घंटे लेट रहीं, जिसमें एयर इंडिया, इंडिगो और अकासा एयर की फ्लाइट्स शामिल हैं।
- अमृतसर एयरपोर्ट पर दिल्ली से आने-जाने वाली 5 फ्लाइट्स में 30 मिनट से लेकर 5 घंटे तक की देरी हुई।
एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) का काम हवाई जहाजों को जमीन और हवा में निर्देश देना होता है। इसे आसान भाषा में हवाई जहाजों की ट्रैफिक पुलिस कहा जा सकता है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी समस्या जल्द ही दूर करने का प्रयास जारी है, लेकिन अभी तक सामान्य होने का समय तय नहीं है।





