BY: Yoganand Shrivastava
उज्जैन। दशहरा पर्व से पहले रावण दहन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। अखिल भारतीय युवा ब्राह्मण समाज ने एक बार फिर इसका विरोध करते हुए मैदान में प्रदर्शन किया। संगठन के सदस्यों ने रावण के पुतले के सामने पहुंचकर जयकारे लगाए और काली मटकियां फोड़ते हुए दहन पर रोक लगाने की मांग की। इस मौके पर महाकाल मंदिर के पुजारी और अन्य समाज प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि रावण दहन अब धार्मिक परंपरा से अधिक राजनीति और मनोरंजन का साधन बन चुका है, जिससे ब्राह्मण समाज की आस्था और सम्मान को ठेस पहुंच रही है।
पहले भी उठा चुके हैं मुद्दा
ब्राह्मण समाज इससे पहले भी रावण दहन के खिलाफ आवाज उठा चुका है। संगठन ने पीएम नरेंद्र मोदी, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत और मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव को पत्र लिखकर रावण दहन पर रोक लगाने की मांग की थी। इसके अलावा कई शहरों में रावण के पक्ष में पोस्टर लगाए गए थे और लोगों से अपील की गई थी कि वे ऐसे आयोजनों में भाग न लें।





