BY: Yoganand Shrivastva
इंदौर: हीरानगर पुलिस ने एक नवविवाहिता की मौत के मामले में उसके पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई पुलिस ने जांच और परिजनों के बयानों के आधार पर की है।
पुलिस के अनुसार, 24 वर्षीय माही परमार ने 5 नवंबर की रात अपने घर में जहरीला पदार्थ सेवन किया। परिजन उन्हें तुरंत अपोलो अस्पताल ले गए, लेकिन गंभीर हालत के कारण इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
जांच में सामने आया कि माही की शादी जनवरी 2025 में सुखलिया स्थित लवकुश विहार में लक्ष्य गेहलोद से हुई थी। शादी के कुछ ही समय बाद से लक्ष्य का व्यवहार माही के प्रति असामान्य होने लगा। परिजनों का आरोप है कि दहेज को लेकर वह माही को लगातार ताने मारता और छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा करता था।
माही की बहन प्राची और चाची आशा ने पुलिस को बताया कि माही लगातार मानसिक तनाव में रहती थी, क्योंकि लक्ष्य उसे दहेज को लेकर परेशान करता था। इन बयानों और जांच के आधार पर पुलिस ने देर रात लक्ष्य गेहलोद के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।





