LPG Supply : बिहार के सुपौल जिले में घरेलू LPG गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। समाहरणालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार जिले में इंडेन, एचपी और भारत गैस की कुल 51 एजेंसियां सक्रिय हैं, जिनके माध्यम से लगभग 5,10,823 उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस उपलब्ध कराई जा रही है। प्रतिदिन करीब 5900 सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है, जो बुकिंग के आधार पर उपभोक्ताओं तक पहुंचाई जा रही है।

LPG Supply : जिले में 51 एजेंसियों के माध्यम से रोजाना हो रही 5900 सिलेंडरों की आपूर्ति
LPG Supply : प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के कारण अचानक मांग बढ़ गई है, जिससे कुछ स्थानों पर अस्थायी रूप से स्टॉक प्रभावित हुआ है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि यह स्थिति जल्द सामान्य हो जाती है और किसी प्रकार की घबराहट की आवश्यकता नहीं है।
जिला प्रशासन द्वारा प्रखंड स्तर पर गैस सिलेंडरों के उठाव और वितरण की लगातार निगरानी की जा रही है। अनियमितता मिलने पर सख्त कार्रवाई भी की जा रही है। इसी क्रम में राघोपुर प्रखंड के एक गोदाम में गड़बड़ी पाए जाने पर उसे सील कर दिया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
LPG Supply : अफवाहों के कारण बढ़ी मांग, प्रशासन ने अतिरिक्त खरीद से बचने की अपील की
LPG Supply : रिपोर्ट के अनुसार, जिले की 51 एजेंसियों में से 42 पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, जबकि बाकी एजेंसियों पर भी जल्द आपूर्ति पहुंचने की संभावना है। वर्तमान स्थिति को देखते हुए जिले में किसी भी प्रकार के गैस संकट की आशंका नहीं है।
जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से अतिरिक्त सिलेंडर की खरीद न करें और किसी भी समस्या या शिकायत के लिए जिला नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि गैस आपूर्ति पूरी तरह नियंत्रण में है और आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

