BY
Yoganand Shrivastava
Kolkata Car Accident पश्चिम बंगाल के केष्टपुर प्रफुल्ल कानन इलाके में कार चलाने का अभ्यास कर रही एक महिला की दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वाहन पर नियंत्रण खोने के बाद कार सीधे तालाब में जा गिरी, जिससे महिला की जान चली गई। घटना 12 अगस्त की बताई जा रही है।
मृतका की पहचान 34 वर्षीय सुमित्रा दास के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह हाल ही में खरीदी गई कार से ड्राइविंग का अभ्यास कर रही थीं और जल्द ही ड्राइविंग लाइसेंस की परीक्षा देने की तैयारी कर रही थीं।
Kolkata Car Accident तालाब में डूबी कार, बचाव प्रयास रहे नाकाम
Kolkata Car Accident जानकारी के मुताबिक, सुमित्रा दास अपनी बेटी को स्कूल छोड़ने के बाद घर लौटीं और कार लेकर अभ्यास के लिए निकलीं। इसी दौरान वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और तेज रफ्तार में तालाब में जा गिरा।
स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव का प्रयास किया, लेकिन कार तेजी से पानी में डूब गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद कार को तालाब से बाहर निकाला। तब तक महिला की मौत हो चुकी थी।
Kolkata Car Accident पुलिस जांच में जुटी, शुरुआती कारण अनुभव की कमी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि ड्राइविंग के दौरान महिला का पैर गलती से ब्रेक की बजाय एक्सीलेटर पर पड़ गया, जिससे वाहन की रफ्तार बढ़ गई और वह सीधे तालाब में पहुंच गई।
घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है ताकि हादसे की सभी परिस्थितियों को स्पष्ट किया जा सके।



