BY: Yoganand Shrivastva
कोट्टायम, केरल: केरल के कोट्टायम जिले में एक महिला के साथ काले जादू के नाम पर गंभीर उत्पीड़न का मामला सामने आया है। पुलिस ने बताया कि युवती को कथित तांत्रिक शिवदास (54) और उसके सहयोगियों ने घंटों तक शारीरिक और मानसिक यातनाएं दीं और उसे शराब व बीड़ी पीने के लिए मजबूर किया।
जानकारी के अनुसार, महिला के साथी अखिल दास (26) और उनके पिता दास (54) ने तांत्रिक को घर बुलाया था। तांत्रिक ने दावा किया कि महिला के शरीर में मृतक आत्माओं का वास है और उसे निकालने के लिए अनुष्ठान किया जाना जरूरी है। इसके दौरान महिला को “पवित्र राख” खाने, जलने और अन्य शारीरिक यातनाओं का सामना करना पड़ा। महिला की हालत बिगड़ने पर उसके पिता ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने तांत्रिक को तिरुवल्ला के मुथूर इलाके से गिरफ्तार कर लिया। जबकि आरोपी के अन्य सह-आरोपी, महिला के साथी की मां, अभी भी फरार हैं। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत ने रिमांड पर लिया है और पुलिस आगे की जांच में जुटी है।
महिला ने मीडिया से बताया कि अनुष्ठान सुबह 11 बजे शुरू होकर रात तक चला, और अंत में वह बेहोश हो गई। पुलिस इस मामले में स्पष्ट कर रही है कि किसी भी प्रकार के अवैध और जबरदस्ती किए गए अनुष्ठान के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





