Jail Navratri : जेल परिसर में भक्ति का माहौल, बंदियों ने रखा उपवास और रोज़ा
Jail Navratri : चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर दुर्ग केंद्रीय जेल में आस्था, अनुशासन और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। जेल की चारदीवारी के भीतर बंदियों ने भक्ति और आत्मचिंतन के जरिए पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया है।

जेल में 159 पुरुष और 39 महिला बंदियों ने नौ दिनों का उपवास रखा है, वहीं 60 मुस्लिम बंदी रोज़ा रखकर धार्मिक सौहार्द और एकता की मिसाल पेश कर रहे हैं। सुबह-शाम भजन-कीर्तन, जस गीत और माता रानी की आराधना से पूरा परिसर गूंज रहा है। ज्योत-जवारे की स्थापना और नियमित आरती से सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो रहा है।
Jail Navratri : जेल प्रशासन की विशेष व्यवस्था, स्वास्थ्य का भी रखा जा रहा ध्यान
Jail Navratri : बंदियों की आस्था को ध्यान में रखते हुए जेल प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। उपवास रखने वाले बंदियों को फल, दूध, मेवे और पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि उनके स्वास्थ्य पर कोई विपरीत प्रभाव न पड़े।

Jail Navratri : जेल अधीक्षक मनीष सम्भाकर ने बताया कि नवरात्रि के दौरान बंदी पूरी श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना कर रहे हैं। नियमित आरती और जस गीतों से आध्यात्मिक वातावरण और मजबूत हो रहा है। साथ ही डॉक्टरों की टीम द्वारा लगातार स्वास्थ्य जांच भी की जा रही है।
इस तरह के धार्मिक आयोजन बंदियों के मानसिक और भावनात्मक विकास में सहायक साबित हो रहे हैं और उन्हें सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित कर रहे हैं। दुर्ग केंद्रीय जेल आज भक्ति, अनुशासन और सामाजिक सद्भाव की प्रेरणादायक तस्वीर बनकर उभर रहा है।

