BY: Yoganand Shrivastava
इंदौर। जिम से लौटकर घर जा रहे एक युवक की अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई। युवक ने जिम के बाद हाफ फ्राय अंडा खाया था, जिसके बाद उसे एसिडिटी और बेचैनी महसूस हुई।
मृतक की पहचान संदीप सोनगिरा (32) पुत्र श्याम सोनगिरा, निवासी सुखलिया ग्राम के रूप में हुई है। बाणगंगा थाना पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात लगभग 9 बजे संदीप जिम से लौटकर अपनी दुकान पहुंचे और वहाँ हाफ फ्राय अंडा खाया। इसके कुछ समय बाद घर लौटते समय उन्हें सीने में जलन और घबराहट महसूस हुई।
संदीप के छोटे भाई प्रदीप सोनगिरा ने बताया कि उन्होंने संदीप को बाइक से डॉक्टर के पास ले जाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में संदीप अचानक बेहोश हो गए। उन्हें तुरंत भंडारी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने जांच के बाद हार्ट अटैक से मौत की पुष्टि की।
पुलिस ने संदीप की मौत के मामले में मर्ग दर्ज कर पोस्टमार्टम करवाया। संदीप “जय पान सदन” और एग फ्रेश की दुकान चलाते थे और फिटनेस के प्रति सजग थे। उनके परिवार में माता-पिता, पत्नी, छोटा भाई और दो बच्चे हैं। हाल ही में उनकी बेटी का जन्म हुआ था।





