BY: Yoganand Shrivastava
नई दिल्ली: गृह मंत्री अमित शाह ने “ऑपरेशन सिंदूर” को लेकर अपनी पहली प्रतिक्रिया सार्वजनिक की है। अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत अब आतंकी घटनाओं पर केवल प्रतिक्रिया देने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि निर्णायक कार्रवाई करेगा।
अमित शाह ने कहा, “हमें अपने वीर जवानों पर गर्व है। ऑपरेशन सिंदूर, पहलगाम में हमारे निर्दोष नागरिकों की निर्मम हत्या के खिलाफ भारत की निर्णायक प्रतिक्रिया है। मोदी सरकार देश और इसके नागरिकों पर किसी भी प्रकार के हमले को सहन नहीं करेगी और उसका करारा जवाब देगी। भारत आतंकवाद को जड़ से समाप्त करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”
गृह मंत्री के इस बयान से यह स्पष्ट संकेत मिलते हैं कि भारत अब हर आतंकी कार्रवाई का जवाब पहले से कहीं अधिक सख्ती से देगा। पहलगाम में हुए हमले के बाद भारत ने सीमापार कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया था, जिसमें कई आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया गया।
इस प्रतिक्रिया को राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति केंद्र सरकार की “जीरो टॉलरेंस” नीति के रूप में देखा जा रहा है।




