BY: Yoganand Shrivastva
ग्वालियर | ग्वालियर के गोला का मंदिर थाना क्षेत्र में सोमवार को हुए एक दर्दनाक हादसे में कीटनाशक गैस से झुलसने के बाद अब 13 वर्षीय छाया शर्मा की भी मौत हो गई है। इससे पहले सोमवार को उसके छोटे भाई वैभव (4 वर्ष) की जान जा चुकी थी। माता-पिता की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें रिम्स अस्पताल से न्यू जेएएच अस्पताल में रेफर किया गया है।
गेहूं को घुन से बचाने छिड़की थी दवा
घटना प्रीतम विहार कॉलोनी की है। बताया जा रहा है कि घर के पोर्च में रखे गेहूं को घुन से बचाने के लिए मकान मालिक श्रीकृष्ण यादव ने सल्फास से बने कीटनाशक का छिड़काव किया था। छिड़काव के बाद परिवार के सभी लोग दरवाजे बंद कर सोने चले गए। इसी दौरान जहरीली गैस पूरे घर में फैल गई, जिससे नीचे किराए पर रह रहे सत्येंद्र शर्मा (51), उनकी पत्नी रजनी, बेटी छाया और बेटा वैभव की तबीयत बिगड़ गई।
पूरे परिवार को बेहोश पाया गया
अगले दिन दोपहर जब मकान मालिक नीचे आया तो घर में तेज बदबू महसूस हुई। दरवाजा खोलने पर उसने देखा कि पूरा परिवार बेहोश पड़ा है। तुरंत पड़ोसियों की मदद से सभी को अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने वहां पहुंचने पर 4 वर्षीय वैभव को मृत घोषित कर दिया, जबकि बाकी तीनों की हालत नाजुक थी।
बेटी ने भी तोड़ा दम
अस्पताल में भर्ती छाया शर्मा की स्थिति सबसे गंभीर थी। इलाज के दौरान वह बीच-बीच में होश में आती और अपने माता-पिता और भाई के बारे में पूछती थी। सोमवार देर रात उसकी तबीयत और बिगड़ गई, और मंगलवार सुबह उसने दम तोड़ दिया।
पिता फैक्ट्री में करते हैं काम
जानकारी के मुताबिक, सत्येंद्र शर्मा भिंड जिले के मालनपुर टूडीला गांव के रहने वाले हैं। वे ग्वालियर के महाराजपुरा इंडस्ट्रियल एरिया की एक फैक्ट्री में काम करते हैं और अपने परिवार के साथ श्रीकृष्ण यादव के तीन मंजिला मकान के ग्राउंड फ्लोर पर किराए से रह रहे थे। मकान मालिक श्रीकृष्ण यादव और उनका परिवार उसी इमारत की तीसरी मंजिल पर रहते हैं। घटना के बाद से वह फरार बताया जा रहा है।
बेटे का जन्म मन्नत से हुआ था
रिश्तेदारों के मुताबिक, सत्येंद्र और रजनी की पांच बेटियां हैं। कई सालों तक बेटे की इच्छा पूरी न होने पर उन्होंने मंदिरों में मन्नतें मांगी थीं। आखिरकार 46 वर्ष की उम्र में बेटे वैभव का जन्म हुआ था। लेकिन दुर्भाग्यवश अब वह भी इस हादसे का शिकार बन गया। उनकी दो बेटियों की बचपन में ही मौत हो चुकी थी, जबकि दो बड़ी बेटियों भारती और दीपा की शादी हो चुकी है। सबसे छोटी छाया माता-पिता के साथ रहती थी।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने घटना के बाद मकान मालिक के खिलाफ लापरवाही से मौत का मामला दर्ज किया है। टीम ने मकान को सील कर दिया है और गैस के सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं।





