BY: Yoganand Shrivastva
ग्वालियर: तानसेन नगर स्थित पंजाब नेशनल बैंक में बुधवार दोपहर एक महिला के बैग से 22 हजार रुपए चोरी हो गए। पूरी घटना बैंक के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे में दर्ज हो गई है।
भंबर सिंह का बाड़ा घासमंडी निवासी सपना सेंगर (37) बुधवार को अपने खाते में 22 हजार रुपए जमा कराने बैंक आई थीं। जब वह कैश काउंटर पर लाइन में खड़ी होकर मोबाइल पर बात कर रही थीं, तभी उनके पीछे खड़े एक अज्ञात युवक ने चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया।
महिला ने मोबाइल निकालने के लिए अपना बैग खोला था और चैन लगाना भूल गई थीं। इसी दौरान युवक ने बैग से नकदी निकाल ली। फोन रखने के बाद जब महिला ने दोबारा बैग में हाथ डाला तो रुपए गायब मिले। उन्होंने तुरंत शोर मचाया और बैंक कर्मचारियों को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में एक युवक स्पष्ट रूप से महिला के बैग से रुपए निकालते दिखाई दे रहा है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
तानसेन नगर थाना प्रभारी प्रशांत शर्मा ने बताया कि फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है। जल्द ही उसकी गिरफ्तारी की जाएगी।





