Gold-Silver Rate: देश में सोने और चांदी के दाम आज यानी 22 दिसंबर को ऑलटाइम हाई पर पहुंच गए हैं। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 24 कैरेट सोना ₹1,805 की तेजी के साथ ₹1,33,584 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। इससे पहले सोना ₹1,31,779 के स्तर पर था।
Gold-Silver Rate: चांदी ने भी बनाया नया रिकॉर्ड

चांदी की कीमतों में भी जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। 1 किलो चांदी ₹7,483 महंगी होकर ₹2,07,550 प्रति किलो पर पहुंच गई है। इससे पहले इसका भाव ₹2,00,067 प्रति किलो था।
इस साल सोना-चांदी ने निवेशकों को दिया बंपर रिटर्न
साल 2025 में अब तक सोने और चांदी की कीमतों में रिकॉर्ड तेजी दर्ज की गई है। इस दौरान
सोना कुल ₹57,422 (करीब 73%) महंगा हो चुका है।
31 दिसंबर 2024 को 10 ग्राम सोना ₹76,162 था, जो अब ₹1,33,584 पर पहुंच गया है।
वहीं चांदी की कीमत में ₹1,21,533 (करीब 133%) का उछाल आया है। साल के अंत में चांदी ₹86,017 प्रति किलो थी, जो अब ₹2,07,550 तक पहुंच चुकी है।
अलग-अलग शहरों में दाम क्यों होते हैं अलग?
IBJA द्वारा जारी रेट्स में 3% GST, मेकिंग चार्ज और ज्वेलर्स का मार्जिन शामिल नहीं होता। यही वजह है कि अलग-अलग शहरों में सोने-चांदी के भाव इन रेट्स से अलग नजर आते हैं। IBJA के रेट्स का इस्तेमाल RBI सोवरेन गोल्ड बॉन्ड और कई बैंक गोल्ड लोन की कीमत तय करने में करते हैं।
सोने में तेजी के पीछे क्या हैं बड़े कारण

विशेषज्ञों के मुताबिक डॉलर की कमजोरी, अमेरिका में ब्याज दरों में कटौती और रूस-यूक्रेन युद्ध जैसे जियोपॉलिटिकल तनाव ने सोने की मांग को बढ़ाया है। इसके अलावा चीन समेत कई देश अपने रिजर्व बैंक में भारी मात्रा में सोना खरीद रहे हैं, जिससे कीमतों को सपोर्ट मिल रहा है।
चांदी क्यों हो रही है इतनी महंगी
चांदी की मांग सोलर, इलेक्ट्रॉनिक्स और इलेक्ट्रिक व्हीकल सेक्टर में तेजी से बढ़ी है। साथ ही अमेरिकी टैरिफ को लेकर अनिश्चितता और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में स्टॉकिंग की होड़ ने इसकी कीमतों को और ऊपर पहुंचा दिया है।
आगे और बढ़ सकते हैं सोना-चांदी के दाम

केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया के मुताबिक, चांदी की डिमांड मजबूत बनी हुई है और अगले एक साल में इसका भाव ₹2.50 लाख प्रति किलो तक जा सकता है। वहीं इस साल के अंत तक चांदी ₹2.10 लाख तक पहुंच सकती है।
यह खबर भी पढ़ें: FasTag बनेगा मल्टीपर्पस वॉलेट, पार्किंग से पेट्रोल तक होगा डिजिटल भुगतान
सोने को लेकर भी अनुमान है कि अगले साल तक इसके दाम ₹1.50 लाख प्रति 10 ग्राम के पार जा सकते हैं, जबकि इस साल के अंत तक यह ₹1.35 लाख के आसपास पहुंच सकता है।

