Gas Supply Crisis : इंडेन गैस एजेंसी के बाहर व्यापारियों का प्रदर्शन, प्रबंधक को हटाने की मांग तेज
Gas Supply Crisis : मसूरी में घरेलू और कमर्शियल गैस आपूर्ति को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। गुरुवार को मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्यों ने इंडेन गैस एजेंसी के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया और एजेंसी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की।प्रदर्शन का नेतृत्व एसोसिएशन के अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा पर्याप्त गैस उपलब्ध कराए जाने के बावजूद स्थानीय स्तर पर उपभोक्ताओं को समय पर गैस नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि आम लोगों को गैस के लिए परेशान किया जा रहा है, जबकि “चहेते लोगों” को प्राथमिकता दी जा रही है।

Gas Supply Crisis : प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कमर्शियल सिलेंडरों के लिए अनावश्यक कागजी कार्रवाई की जा रही है, जिससे छोटे ढाबों, रेस्टोरेंट और होटल संचालकों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार द्वारा 70 प्रतिशत कोटा मिलने के बावजूद मसूरी में गैस संकट बना हुआ है, जो समझ से परे है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द आपूर्ति सुचारु नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
Gas Supply Crisis : वहीं, इंडेन गैस एजेंसी के प्रबंधक प्रदीप सती ने सभी आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि गैस वितरण पूरी तरह से सरकारी नियमों के तहत किया जा रहा है। हाल ही में सर्वर संबंधी तकनीकी समस्याओं के कारण आपूर्ति प्रभावित हुई थी।उन्होंने यह भी बताया कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों, खासकर खाड़ी देशों में तनाव के चलते गैस की कमी बनी हुई थी, जो अब धीरे-धीरे सामान्य हो रही है। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही 5 किलो के सिलेंडर भी नियमों के अनुसार उपलब्ध कराए जाएंगे।

