BY: Yoganand Shrivastva
फतेहपुर, उत्तर प्रदेश। जिले के लमेहटा गांव में रविवार सुबह एक भयावह घटना सामने आई। दिल्ली में नौकरी करने वाला मुकेश निषाद (28) अवैध संबंध के शक में अपनी पत्नी गुड़िया (26) की हत्या करने के बाद खुद ने भी आत्महत्या कर ली। दोनों के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना के दौरान दंपति के घर में सो रही तीन मासूम बेटियां मौजूद थीं। उन्होंने मम्मी-पापा को मृत पाया और चीख-पुकार मच गई। परिजन और ग्रामीण बच्चों को सांत्वना देने में जुट गए।
पुलिस के अनुसार, मुकेश दो हफ्ते पहले घर आया था। उसने अपनी पत्नी पर पड़ोसी के साथ अवैध संबंध होने का शक जताया। इसी विवाद के दौरान झगड़ा हुआ और मुकेश ने तमंचे से पत्नी को सिर में गोली मार दी। इसके बाद उसने खुद को भी उसी तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
एसपी और फोरेंसिक टीम ने मौके पर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घर में कूलर चलने के कारण फायरिंग की आवाज आसपास के लोगों को सुनाई नहीं दी। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





