BY: Yoganand shrivastva
ग्वालियर: नीदरलैंड के नागरिक स्लेगटेनहोर्स्ट रेमको ग्वालियर में शादी में शामिल होने आए, लेकिन अब वह अनजाने में कानूनी समस्याओं में फंस गए हैं। शुक्रवार को इस मामले की चौथी बार सुनवाई हुई, लेकिन अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया जा सका। फिलहाल रेमको बहोड़ापुर क्षेत्र के एक होटल में ठहरे हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, रेमको अपने कुछ साथियों के साथ भारत घूमने आए थे। ग्वालियर में उनके परिचित रिटायर्ड एसडीओपी के यहां 2 नवंबर को शादी थी, जिसमें रेमको ने खुशी-खुशी हिस्सा लिया। लेकिन तीन नवंबर को जब वह राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयरपोर्ट से नीदरलैंड लौटने पहुंचे, तो उनकी परेशानी शुरू हो गई।
एयरपोर्ट सुरक्षा जांच के दौरान उनके बैग से एक जीपीएस (ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम) डिवाइस बरामद हुआ। रेमको इसके उपयोग का संतोषजनक कारण नहीं बता पाए। जांच में पता चला कि यह उपकरण भारत में प्रतिबंधित है।
पुलिस ने रेमको को पूछताछ के बाद नोटिस देकर छोड़ दिया और चालान कोर्ट में पेश कर दिया। इसके बाद से रेमको चार बार कोर्ट में पेश हो चुके हैं, लेकिन मामले का फैसला नहीं होने के कारण वह अभी तक अपने देश लौट नहीं पाए हैं।





