BY: Yoganand Shrivastva
भोपाल : रापड़िया इलाके में रविवार देर रात एक मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। जानकारी के अनुसार, कटारा थाना क्षेत्र में स्थित सेठ जी ढाबे पर खाने के बिल को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक के पेट में तंदूर की रॉड घोंप दी गई, जो शरीर से आर-पार हो गई। इस झड़प में दोनों पक्षों के लगभग 10 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने घटना का कई CCTV फुटेज जब्त कर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है।
विवाद की शुरुआत:
कटरा गांव के युवक अवधनारायण और ऋतिक अपने दोस्तों के साथ ढाबे पर खाना खाने पहुंचे थे। उन्होंने मटन का ऑर्डर दिया, जिसकी कीमत 650 रुपए बताई गई, लेकिन उन्होंने केवल 500 रुपए देने की बात कही। इसी बात पर ढाबा संचालक से बहस हुई और युवकों में से किसी ने संचालक को थप्पड़ मार दिया।
भीड़ बुलाकर हमला:
ढाबा संचालक के दो बेटों ने युवकों से मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद युवकों ने अपने गांव में फोन करके लोगों को बुलाया। थोड़ी ही देर में गांव से बड़ी भीड़ आ गई और ढाबे पर हमला कर दिया। इस दौरान लाठी-डंडे चले और किसी ने तंदूर की रॉड उठाकर युवक दिनेश राजपूत के पेट में घोंप दी। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गाड़ियों और संपत्ति को भी नुकसान:
भीड़ ने ढाबे के बाहर और ढाबा संचालक के सर्विस सेंटर में खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ की। पत्थरबाजी और मारपीट में लगभग 10 लोग घायल हुए। कटारा हिल्स पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू में किया।





