Report: Aashif Khan
रामपुर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आज़म खान को हेट स्पीच (भड़काऊ भाषण) मामले में बड़ी राहत मिली है। एमपी-एमएलए विशेष अदालत ने मंगलवार को सुनवाई के बाद उन्हें बरी कर दिया।
यह मामला वर्ष 2019 लोकसभा चुनाव के दौरान का है। सपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव प्रचार करते समय 23 अप्रैल 2019 को आज़म खान ने सिविल लाइंस क्षेत्र में एक सभा को संबोधित किया था। उनके भाषण को भड़काऊ बताते हुए सहायक रिटर्निंग अफसर एवं तत्कालीन एसडीएम सदर प्रेम प्रकाश तिवारी ने अगले दिन यानी 24 अप्रैल 2019 को सिविल लाइंस कोतवाली में मामला दर्ज कराया था।
मामले की सुनवाई के दौरान आज़म खान मंगलवार को व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश हुए। अदालत ने सबूतों और गवाहों के अभाव में उन्हें दोषमुक्त करार दिया। इस फैसले के बाद आज़म खान और उनके समर्थकों ने राहत की सांस ली।





