Isa Ahmad
REPORT- DANVEER SINGH
मुरादाबाद। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के जेल रोड स्थित विजय विला कॉम्प्लेक्स में सोमवार को अचानक लगी भीषण आग से हड़कंप मच गया। यह आग पुलिस वर्दी तैयार करने वाली एक टेलर की दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जिससे देखते ही देखते पूरा सामान जलकर खाक हो गया।
बारादरी निवासी मुबारक अली की यह दुकान लंबे समय से पुलिस वर्दी सिलने के लिए जानी जाती थी। सुबह दुकानदार और आसपास के लोगों ने धुआं उठता देखा तो तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दुकान में रखा कपड़ा, मशीनें और अन्य सामग्री जलकर राख हो चुकी थी। शुरुआती अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये का नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद स्थानीय लोग और व्यापारी भी मौके पर जुट गए। पुलिस ने बताया कि आग लगने का प्राथमिक कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच की जा रही है।
इस हादसे के बाद बाजार में दहशत का माहौल है और व्यापारी सुरक्षा इंतजामों की मांग कर रहे हैं।





