बांकीमोंगरा नगर पालिका कार्यालय में तालाबंदी की कोशिश

- Advertisement -
Swadesh NewsAd image
Attempt to lock out Bankimongra Municipality office

कांग्रेस पार्षदों और सीएमओ के बीच तीखी बहस

कोरबा – बांकीमोंगरा नगर पालिका में निर्माण कार्यों की सुस्ती और पारदर्शिता की कमी को लेकर कांग्रेस पार्षदों का गुस्सा फूट पड़ा। सोमवार को बड़ी संख्या में पहुंचे कांग्रेस पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका कार्यालय में तालाबंदी की कोशिश की, जिसके दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) से उनकी तीखी बहस हो गई।

कांग्रेस पार्षदों का आरोप है कि नगर पालिका क्षेत्र में कई विकास कार्य या तो शुरू नहीं हो रहे हैं या फिर उनमें अनावश्यक देरी की जा रही है। साथ ही, वार्ड पार्षदों को कार्यों की कोई सूचना नहीं दी जा रही, जिससे पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं।

नेता प्रतिपक्ष ने पहले इस संबंध में सीएमओ को ज्ञापन सौंपा था, जिसमें लंबित निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने की मांग की गई थी। लेकिन मांग पूरी न होने पर कांग्रेस पार्षदों ने चेतावनी दी थी कि वे नगर पालिका कार्यालय में तालाबंदी करेंगे।

मांगें पूरी न होने से नाराज़ कांग्रेस पार्षद और कार्यकर्ता सोमवार को कार्यालय पहुंचे और मुख्य गेट पर ताला जड़ने की कोशिश की। इसी दौरान सीएमओ और पार्षदों के बीच बहस तेज हो गई। स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया।

घटना के बाद सीएमओ ने बांकीमोंगरा थाना में रिपोर्ट दर्ज करवाई, जिसके आधार पर पुलिस ने पांच कांग्रेस पार्षदों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

फिलहाल, नगर पालिका कार्यालय में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और स्थिति सामान्य बनी हुई है। इस घटनाक्रम ने नगर में राजनीतिक तापमान को और बढ़ा दिया है।