हरियाणा के पंचकूला में भारतीय वायुसेना (IAF) का एक जगुआर लड़ाकू विमान शुक्रवार को नियमित प्रशिक्षण उड़ान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह विमान अंबाला एयरबेस से उड़ान भर रहा था।

दुर्घटना के कारण की जांच शुरू
अधिकारियों के अनुसार, विमान में तकनीकी खराबी आने के बाद पायलट ने आबादी वाले क्षेत्र से दूर विमान को मोड़कर खुद को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस घटना के बाद वायुसेना ने कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी (जांच) का आदेश दिया है।
भारतीय वायुसेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर जानकारी दी कि यह हादसा सिस्टम में आई खराबी के कारण हुआ। पोस्ट में कहा गया, “आज अंबाला में एक नियमित प्रशिक्षण उड़ान के दौरान भारतीय वायुसेना का जगुआर विमान सिस्टम खराबी के चलते दुर्घटनाग्रस्त हो गया। पायलट ने विमान को आबादी से दूर ले जाकर सुरक्षित बाहर निकलने में सफलता प्राप्त की। इस दुर्घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।”




