BY: Yoganand Shrivastva
India US Trade Deal भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते को लेकर बातचीत तेज हो गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि दोनों देश समझौते के काफी करीब पहुंच चुके हैं। उन्होंने संकेत दिया कि यह डील अमेरिका के पहले किए गए व्यापार समझौतों से अलग होगी। हालांकि, समझौते की अंतिम शर्तों और आधिकारिक घोषणा को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
ट्रंप बोले- भारत के साथ समझौता करने के करीब हैं
India US Trade Deal वॉशिंगटन में ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के साथ व्यापार समझौते को लेकर सकारात्मक संकेत दिए। उन्होंने कहा कि भारत समझौता करना चाहता है और दोनों देश इसके काफी करीब हैं। ट्रंप के मुताबिक, यह समझौता पहले किए गए व्यापारिक समझौतों से काफी अलग होगा। उनके इस बयान से दोनों देशों के बीच जारी बातचीत को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है।
मार्को रुबियो ने भी समझौते पर जताई उम्मीद
India US Trade Deal अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर उम्मीद जताई है। भारत यात्रा के दौरान उन्होंने व्यापार, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, रक्षा और दोनों देशों के नागरिकों के बीच संबंधों को मजबूत करने जैसे मुद्दों पर चर्चा की।
रुबियो ने कहा कि दोनों पक्ष समझौते को अंतिम रूप देने के करीब हैं और कुछ मुद्दों पर बातचीत बाकी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शेष मामलों को जल्द सुलझाया जा सकता है, जिसके बाद समझौते की घोषणा और उस पर हस्ताक्षर का रास्ता साफ हो सकता है।
पीयूष गोयल और अमेरिकी अधिकारियों के बीच भी हुई चर्चा
India US Trade Deal भारत के वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने इस महीने की शुरुआत में अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर से मिल्वॉकी और वॉशिंगटन में मुलाकात की थी। इस दौरान प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। भारत और अमेरिका ने फरवरी में समझौते के पहले चरण के लिए रूपरेखा तैयार करने की घोषणा की थी। हालांकि, अमेरिकी शुल्क नीतियों में बदलाव के चलते बातचीत आगे भी जारी रही।
भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी हाल ही में कहा था कि दोनों देशों ने कई अहम मुद्दों पर प्रगति की है और समझौते को लागू करने की दिशा में काम चल रहा है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी वार्ता को लेकर सकारात्मक रुख जताया है।
टैरिफ और रूस से तेल आयात जैसे मुद्दे भी अहम
India US Trade Deal भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के बीच शुल्क यानी टैरिफ और रूस से तेल आयात से जुड़े मुद्दे भी चर्चा में रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप प्रशासन ने हाल ही में रूस से जुड़े कुछ प्रतिबंधों और प्रस्तावित शुल्कों के मामले में भारत को राहत देने वाला कदम उठाया था।
फिलहाल, दोनों देशों के नेताओं के बयानों से समझौते को लेकर उम्मीद बढ़ी है, लेकिन इसकी वास्तविक शर्तें, शुल्क व्यवस्था और लागू होने की समयसीमा आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होंगी। ट्रंप का यह कहना कि डील पहले के समझौतों से अलग होगी, इसके अंतिम स्वरूप को लेकर उत्सुकता बढ़ा रहा है।
Read this: SBI के ग्राहकों का डेटा लीक होने की आशंका, डार्क वेब पर मिले 3,897 रिकॉर्ड; बैंक ने शुरू की जांच


