Medical Students Stipend Hike MP : भोपाल, 9 सितंबर 2026। मध्यप्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में इंटर्न्स, जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन (JUDA) और मेडिकल टीचिंग एसोसिएशन (MTA) से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने बुधवार को भोपाल में चर्चा की। इस दौरान मेडिकल छात्रों की विभिन्न मांगों और हाल ही में छात्रों के साथ हुई घटना को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि छात्रों के साथ हुई घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना की जानकारी मिलते ही नाराजगी जताई और मामले की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं। प्रारंभिक कार्रवाई के तौर पर दो पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच किया गया है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Medical Students Stipend Hike MP : मेडिकल छात्रों पर नहीं होगी कार्रवाई
उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखने वाले छात्रों के खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि मेडिकल कैंपस में इस तरह की घटना दोबारा न हो, यह सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने घायल छात्रों के समुचित उपचार की व्यवस्था किए जाने की भी बात कही। सरकार की ओर से छात्रों की सुरक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर सकारात्मक रुख अपनाने का भरोसा दिया गया है।
Medical Students Stipend Hike MP : स्टाइपेंड में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी
मेडिकल छात्रों की प्रमुख मांग पर सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने बताया कि वर्तमान स्टाइपेंड में 50 प्रतिशत की वृद्धि की जाएगी।
उन्होंने कहा कि स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग पर पहले से ही चर्चा चल रही थी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी छात्रों के साथ लगातार संवाद कर रहे थे। प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई बातचीत के बाद इस मांग पर सकारात्मक निर्णय सामने आया है। प्रतिनिधिमंडल ने सरकार के फैसले पर प्रसन्नता जताई।
Medical Students Stipend Hike MP : ग्रामीण क्षेत्रों में सेवा देने की अपील
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने युवा चिकित्सकों से ग्रामीण क्षेत्रों में सेवा भाव और संवेदनशीलता के साथ काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में काम करने से युवा डॉक्टरों को जमीनी परिस्थितियों को समझने और व्यापक अनुभव हासिल करने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि सरकार डॉक्टरों को तैयार करने के लिए पूरा सहयोग कर रही है और चिकित्सकों से अपेक्षा है कि वे अपने बॉन्ड की अवधि के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में पूरी प्रतिबद्धता के साथ सेवाएं दें।
Medical Students Stipend Hike MP : मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार जरूरी
राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि चिकित्सक समाज के लिए महत्वपूर्ण एसेट हैं। मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार करना और उनसे मुस्कुराकर बात करना भी उपचार का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
उन्होंने मेडिकल छात्रों और प्रतिनिधियों के साथ सकारात्मक बातचीत के बाद समाधान की दिशा में आगे बढ़ने के लिए सभी को बधाई दी।


