Jal Jeevan Mission : झारखंड में ग्रामीण क्षेत्रों तक नियमित और सुरक्षित पेयजल सेवा पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली जल सहियाओं को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। जल जीवन मिशन के तहत योजनाओं के बेहतर संचालन, रख-रखाव और ग्रामीण समुदाय को जल एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करने में उल्लेखनीय योगदान देने वाली राज्य की 8 जल सहियाओं को विशेष सम्मान दिया गया।
नेपाल हाउस में आयोजित कार्यक्रम में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव श्री अबु इमरान ने इन जल सहियाओं को विशेष प्रशस्ति-पत्र, स्मृति चिन्ह और अंग वस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान सचिव ने जल सहियाओं के कार्यों की सराहना करते हुए राज्य की अन्य जल सहियाओं को भी बेहतर काम के लिए प्रेरित किया।
Jal Jeevan Mission : बोकारो की 5 और रांची की 3 जल सहियाएं सम्मानित
इस विशेष सम्मान के लिए कुल 8 जल सहियाओं का चयन किया गया। इनमें बोकारो जिले की 5 और रांची जिले की 3 जल सहियाएं शामिल हैं। सम्मान पाने वाली जल सहियाओं ने अपने-अपने गांव और पंचायतों में जल एवं स्वच्छता समिति (VWSC) के साथ मिलकर जल जीवन मिशन की योजनाओं को प्रभावी तरीके से संचालित करने और उनके रख-रखाव में अहम भूमिका निभाई।
इन जल सहियाओं ने गांवों में जलापूर्ति व्यवस्था से संबंधित समस्याओं की पहचान कर संबंधित स्तर पर जानकारी पहुंचाने के साथ-साथ पेयजल की गुणवत्ता और सुरक्षित उपयोग को लेकर भी लोगों को जागरूक किया। इसके अलावा जल संरक्षण तथा पानी के विवेकपूर्ण इस्तेमाल के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करने में भी उनका योगदान महत्वपूर्ण रहा।
कार्यक्रम के दौरान जल सहिया दीदियों ने अपने कार्य अनुभव भी साझा किए। उन्होंने बताया कि गांवों में पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए स्थानीय स्तर पर समुदाय के साथ लगातार संपर्क और समन्वय बेहद जरूरी है।
Jal Jeevan Mission : जल शुल्क संग्रह में भी निभा रहीं अहम भूमिका
जल जीवन मिशन के तहत जल सहियाएं ग्रामीण परिवारों को नियमित उपयोगकर्ता शुल्क जमा करने के महत्व के बारे में भी जागरूक कर रही हैं। जल एवं स्वच्छता समिति के साथ समन्वय स्थापित कर वे ग्रामीणों को यह समझाने में मदद कर रही हैं कि जलापूर्ति योजनाओं को लंबे समय तक सुचारू बनाए रखने के लिए सामुदायिक भागीदारी आवश्यक है।
मासिक जल शुल्क के रूप में जमा होने वाली राशि का उपयोग गांव की जलापूर्ति व्यवस्था के संचालन और रख-रखाव में किया जाता है। इस राशि से प्लंबर और पंप ऑपरेटरों के मासिक भुगतान के साथ-साथ आवश्यक मरम्मत तथा पेयजल आपूर्ति योजना से जुड़े दूसरे रख-रखाव के कार्य किए जाते हैं।
जल जीवन मिशन का उद्देश्य केवल ग्रामीण परिवारों को नल के माध्यम से पानी उपलब्ध कराना नहीं है, बल्कि उन्हें नियमित, पर्याप्त, सुरक्षित और दीर्घकालिक जल सेवा उपलब्ध कराना भी है। ऐसे में जल सहियाओं की स्थानीय स्तर पर सक्रिय भूमिका योजनाओं की निरंतरता बनाए रखने में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
Jal Jeevan Mission : सम्मान से दूसरी जल सहियाओं को मिलेगा प्रोत्साहन
जल सहियाओं को दिया गया यह सम्मान जल जीवन मिशन के जमीनी क्रियान्वयन में उनके वास्तविक योगदान को पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। गांवों में काम करते हुए आने वाली चुनौतियों के बीच जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने, समस्याओं की जानकारी देने और समुदाय को जागरूक करने में जल सहियाएं अहम कड़ी के रूप में काम कर रही हैं।
विभाग का मानना है कि उत्कृष्ट कार्य करने वाली जल सहियाओं को सार्वजनिक रूप से सम्मानित किए जाने से अन्य जल सहियाओं और ग्रामीण समुदायों को भी जल योजनाओं के सतत संचालन, जल संरक्षण और गुणवत्तापूर्ण पेयजल सेवा बनाए रखने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
Read more : बलराम कृषि महोत्सव में CM डॉ यादव की वर्चुअल सहभागिता, नई दिल्ली से निवाड़ी के किसानों से किया सीधा संवाद


