Reporter : रवि जैस्ट
Kalayat Plot Attack Case : प्लाट पर कब्जे को लेकर जानलेवा हमला
कलायत में प्लाट पर कब्जा करने की कथित कोशिश और जानलेवा हमले के मामले में CIA-1 पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कलायत निवासी सतबीर उर्फ सोनू रैबारी को काबू कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर मामले में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत CIA-1 प्रभारी एसआई जसवंत सिंह की टीम ने यह कार्रवाई की। डीएसपी कलायत रोहताश के अनुसार मामले की जांच के दौरान आरोपी की भूमिका सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया।

Kalayat Plot Attack Case : प्लाट को लेकर पहले से चल रहा था विवाद
पुलिस के अनुसार वार्ड नंबर 12 कलायत निवासी शीशपाल ने शिकायत में बताया कि वह टायर पंचर लगाने का काम करता है। रेलवे रोड पर स्थित एक खाली प्लाट को उसने अपनी पत्नी माया देवी के साथ मिलकर वर्ष 2005 में उमेश और नीना निवासी कैथल को बेच दिया था। प्लाट की रजिस्ट्री भी खरीदारों के नाम कराई गई थी। शिकायत के मुताबिक भूमि की खेवट अलग होने के कारण इंतकाल उसके नाम पर रह गया था।
शीशपाल का आरोप है कि प्लाट पर अवैध कब्जे के उद्देश्य से प्रवीण शर्मा उर्फ डुली द्वारा कथित तौर पर फर्जी बयाना तैयार किया गया। इस संबंध में थाना कलायत में शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कराया गया था। वहीं, माया देवी की शिकायत पर भी प्लाट से संबंधित कथित फर्जी हस्ताक्षरों को लेकर प्रवीण शर्मा उर्फ डुली पंडित, सोनू रैबारी, सलीम खान और राकू राणा के खिलाफ मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
Kalayat Plot Attack Case : निर्माण तोड़ने के बाद दोबारा हुआ हमला
पुलिस के अनुसार 26 जून 2026 की रात प्लाट पर लगाए गए गेट और दीवार को कथित तौर पर गिरा दिया गया था। इस संबंध में माया देवी ने थाना कलायत में शिकायत दर्ज कराई थी।
इसके बाद 1 जुलाई की रात करीब साढ़े 10 बजे शीशपाल और उसकी पत्नी माया देवी प्लाट पर मौजूद थे। शिकायत के अनुसार इसी दौरान सतबीर उर्फ सोनू रैबारी के साथ कुछ युवक और मुंह ढके हुए कुछ अन्य लोग दीवार फांदकर प्लाट में घुसे और दिन में किए गए निर्माण को कथित तौर पर नुकसान पहुंचाया। विरोध करने पर दोनों के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
Kalayat Plot Attack Case : अस्पताल के पास लोहे की पट्टी वाले डंडे से हमला
शिकायत के अनुसार रात करीब 2 बजे शीशपाल और माया देवी दोबारा प्लाट की ओर जा रहे थे। जब वे रेलवे रोड स्थित मोरवी नंदन अस्पताल के पास पहुंचे तो एक सफेद एंडेवर गाड़ी में सतबीर उर्फ सोनू रैबारी और एक अन्य युवक वहां पहुंचे। माया देवी अस्पताल की ओर चली गई, जबकि आरोपियों ने शीशपाल का कथित तौर पर पीछा किया।
पुलिस के मुताबिक शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि सतबीर ने लोहे की गोल पट्टी लगे डंडे से उसके सिर पर वार किया। हमले में घायल होने के बाद शीशपाल अस्पताल की तरफ भागा, लेकिन आरोपियों ने उसका पीछा कर डंडों से कई वार किए। वह नीचे गिर गया, इसके बाद भी मारपीट जारी रखने का आरोप है।
शोर सुनकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वाहन से मौके से फरार हो गए। घायल शीशपाल को माया देवी और अन्य लोगों ने सरकारी अस्पताल कलायत पहुंचाया, जहां से अधिक चोटों के चलते उसे सरकारी अस्पताल कैथल रेफर किया गया।
Kalayat Plot Attack Case : आरोपी पर 15 से अधिक मामले दर्ज होने का दावा
पुलिस जांच में सामने आने के आधार पर बताया गया है कि सतबीर उर्फ सोनू अपने कुछ अन्य साथियों के साथ मिलकर प्लाट पर जबरन कब्जा, कथित जबरन वसूली और धोखाधड़ी जैसी वारदातों को अंजाम देने वाले संगठित गिरोह का हिस्सा है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास, जबरन वसूली और धोखाधड़ी समेत 15 से अधिक मामले दर्ज हैं।
जांच में गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कई मामले दर्ज होने की बात सामने आई है। पुलिस ने अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले में व्यापक पूछताछ के लिए सतबीर उर्फ सोनू को न्यायालय से तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

