आकाश सेन विशेष संवाददाता
BRICS Cultural Summit 2026 : भारत की ब्रिक्स (BRICS) अध्यक्षता के तहत संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा 5 से 9 अगस्त 2026 तक मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में तीसरी ब्रिक्स संस्कृति कार्य समूह (Culture Working Group) की बैठक, तीसरी ब्रिक्स संस्कृति मंत्रियों की बैठक तथा विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का मुख्य केंद्र मिंटो हॉल होगा, जहां ब्रिक्स सदस्य एवं भागीदार देशों के प्रतिनिधि सांस्कृतिक सहयोग, विरासत संरक्षण और लोगों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को सुदृढ़ बनाने पर विचार-विमर्श करेंगे।भारत सरकार के संस्कृति सचिव विवेक अग्रवाल ने बताया कि भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के अंतर्गत आयोजित यह कार्यक्रम भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, कलात्मक परंपराओं और सभ्यतागत मूल्यों को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।

BRICS Cultural Summit 2026 : 5 से 8 अगस्त तक आम जनता के लिए खुलेंगी विशेष प्रदर्शनियां
मिंटो हॉल में 5 से 8 अगस्त तक ‘ज्ञान भारतम’, ‘प्रोजेक्ट मौसम’ और ‘प्रोजेक्ट बृहत्तर भारत’ विषयों पर तीन विशेष प्रदर्शनियों का आयोजन किया जाएगा। इन प्रदर्शनियों में भारत की पांडुलिपि परंपरा, समुद्री सांस्कृतिक संबंध, सभ्यतागत विरासत तथा विरासत संरक्षण एवं सांस्कृतिक कूटनीति से जुड़े प्रयासों को प्रदर्शित किया जाएगा। चारों दिनों तक ये प्रदर्शनियां आम नागरिकों के लिए खुली रहेंगी।
BRICS Cultural Summit 2026 : 5 अगस्त- प्रतिनिधियों का आगमन और सांस्कृतिक स्वागत
5 अगस्त को ब्रिक्स सदस्य एवं भागीदार देशों के प्रतिनिधिमंडल भोपाल पहुंचेंगे। दिनभर पंजीकरण, मान्यता (Accreditation), द्विपक्षीय बैठकें तथा प्रदर्शनियों का अवलोकन होगा।शाम को प्रतिनिधिमंडल इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय (IGRMS) पहुंचेगा, जहां पारंपरिक मृदा शिल्प प्रदर्शनी, स्वदेशी शिल्प एवं पारंपरिक ज्ञान प्रणालियों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद प्रतिनिधि ट्राइबल हैबिटेट में ‘नागा हाउस’ और ‘हिमालयी गांव’ का भ्रमण करेंगे। सांस्कृतिक संध्या में कथक, पारंपरिक जनजातीय नृत्य और भारतीय लोक व जनजातीय वेशभूषा पर आधारित फैशन शो प्रस्तुत किया जाएगा।

BRICS Cultural Summit 2026 : 6 अगस्त- संस्कृति कार्य समूह की बैठक और ब्रिक्स सांस्कृतिक महोत्सव
6 अगस्त को तीसरी ब्रिक्स संस्कृति कार्य समूह की बैठक में संस्कृति मंत्रियों के घोषणापत्र के मसौदे सहित सांस्कृतिक विरासत संरक्षण, संग्रहालय, रचनात्मक उद्योग, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, क्षमता निर्माण और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने जैसे विषयों पर चर्चा होगी।शाम को रवींद्र भवन में ब्रिक्स सांस्कृतिक महोत्सव आयोजित होगा, जिसमें ब्रिक्स सदस्य और भागीदार देशों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। यह कार्यक्रम आम जनता के लिए खुला रहेगा। इसके पश्चात संस्कृति मंत्रालय द्वारा आधिकारिक रात्रिभोज आयोजित किया जाएगा।
BRICS Cultural Summit 2026 : 7 अगस्त- भव्य ब्रिक्स सांस्कृतिक महोत्सव 2026
7 अगस्त को संस्कृति मंत्रियों का भोपाल आगमन होगा। शाम को आयोजित होने वाले प्रमुख ब्रिक्स सांस्कृतिक महोत्सव 2026 में भारत सहित ब्रिक्स देशों के प्रसिद्ध कलाकार और संगीतकार संयुक्त प्रस्तुति देंगे।कार्यक्रम की शुरुआत “सर्वे भवन्तु सुखिनः” से होगी। इसके बाद “कलर्स ऑफ इंडियन म्यूजिक” के माध्यम से हिंदुस्तानी और कर्नाटक शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुति दी जाएगी। मुख्य आकर्षण “ब्रिक्स पीस सॉन्ग – Peace is the Language of the Land” होगा, जिसमें बेलारूस, ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात सहित भागीदार देशों की संगीत परंपराओं का समावेश होगा। साथ ही “Peace to All, Harmony to All” तथा “Crescendo of Unity” जैसी भव्य ऑर्केस्ट्रा प्रस्तुतियां भी होंगी।
BRICS Cultural Summit 2026 : “अमृतस्य मध्य प्रदेश” से होगा सांस्कृतिक समापन
7 अगस्त की शाम मध्य प्रदेश संस्कृति विभाग की ओर से “अमृतस्य मध्य प्रदेश – एक अलौकिक सांस्कृतिक महायात्रा” का मंचन किया जाएगा। प्रसिद्ध कोरियोग्राफर मैत्रेयी पहाड़ी के निर्देशन में 125 से अधिक कलाकार मध्य प्रदेश की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और आध्यात्मिक विरासत को नृत्य-नाट्य के माध्यम से प्रस्तुत करेंगे।इस प्रस्तुति में भीमबेटका, सांची, खजुराहो, चित्रकूट, उज्जैन, ओंकारेश्वर, ग्वालियर, ओरछा, मांडू, महेश्वर और चंदेरी सहित प्रदेश की विरासत को दर्शाया जाएगा। बैगा, मटकी और बधाई जैसे लोकनृत्यों के साथ सिंहस्थ कुंभ 2028 का भी सांस्कृतिक आमंत्रण दिया जाएगा। कार्यक्रम का समापन मध्य प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित रात्रिभोज से होगा।
BRICS Cultural Summit 2026 : 8 अगस्त- ब्रिक्स संस्कृति मंत्रियों की बैठक
8 अगस्त को भारत की अध्यक्षता में तीसरी ब्रिक्स संस्कृति मंत्रियों की बैठक आयोजित होगी। बैठक में सांस्कृतिक विरासत, संग्रहालय, रचनात्मक अर्थव्यवस्था, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, क्षमता निर्माण और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने के विषयों पर चर्चा होगी। अंत में ब्रिक्स संस्कृति मंत्रियों की घोषणा को अपनाया जाएगा, जो भविष्य के सांस्कृतिक सहयोग का साझा रोडमैप निर्धारित करेगी।इसके बाद मुख्यमंत्री द्वारा प्रतिनिधियों के सम्मान में दोपहर भोज आयोजित किया जाएगा।
BRICS Cultural Summit 2026 : सांची की सांस्कृतिक यात्रा
मंत्रिस्तरीय बैठक के बाद विदेशी मंत्री एवं प्रतिनिधिमंडल यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल सांची का भ्रमण करेंगे। यहां बुद्ध जंबूद्वीप, सांची स्तूप, चेतियागिरी मंदिर का दर्शन, योग एवं ध्यान सत्र तथा शाम को 3D प्रोजेक्शन मैपिंग और लाइट एंड साउंड शो का आयोजन किया जाएगा।
BRICS Cultural Summit 2026 : 9 अगस्त- भीमबेटका भ्रमण
9 अगस्त को इच्छुक विदेशी प्रतिनिधियों के लिए यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल भीमबेटका शैलाश्रय का वैकल्पिक भ्रमण आयोजित किया जाएगा, जहां वे विश्व की प्राचीनतम शैल कला और प्रागैतिहासिक सांस्कृतिक विरासत का अवलोकन करेंगे।
BRICS Cultural Summit 2026 : भोपाल की सांस्कृतिक और प्राकृतिक झलक
प्रतिनिधियों के लिए 5 और 8 अगस्त को हेरिटेज वॉक, 7 अगस्त को बर्ड वॉचिंग, 6 और 7 अगस्त को बड़ी झील में शिकारा राइड तथा 7 अगस्त को मध्य प्रदेश के हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों की विशेष शॉपिंग की व्यवस्था की गई है।
BRICS Cultural Summit 2026 : मध्य प्रदेश के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद
अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के लिए मालवी, बुंदेली और निमाड़ी व्यंजनों का विशेष प्रबंध किया गया है। दाल बाफला, निमोना, रिकमच, गुड्या की सब्जी, चंबल का थोपा, चंदिया, बड़ा तथा कोदो-कुटकी जैसे मिलेट आधारित पारंपरिक व्यंजन परोसे जाएंगे। साथ ही विदेशी मेहमानों की पसंद को ध्यान में रखते हुए पश्चिमी और ओरिएंटल व्यंजनों की भी व्यवस्था रहेगी।यह पांच दिवसीय आयोजन भारत की सांस्कृतिक विविधता, सभ्यतागत विरासत, कलात्मक उत्कृष्टता और अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक सहयोग की प्रतिबद्धता को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करेगा।
read more : Har Ghar Tiranga Campaign : MP में 9 से 17 अगस्त तक चलेगा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान, CM मोहन यादव ने किया जनआंदोलन बनाने का आह्वान

