By Election Results 2026 : जनादेश क्या 2027-29 की का लिटमस टेस्ट ?अगले चुनावों पर कितना असर डालेंगे ये नतीजे ?
By Election Results 2026 : देश के तीन राज्यों की तीन विधानसभा सीटें… तीन अलग अलग दलों को जनादेश… और देश की राजनीति के रणनीतिकारों के लिये बड़ा संदेश… तीन राज्यों में हुए उपचुनाव के नतीजों ने सियासी गणित बदला है। बिहार का बांकीपुर, मध्य प्रदेश की दतिया और गुजरात की मांजलपुर… सिर्फ तीन विधानसभा सीटों के नतीजे नहीं, बल्कि आने वाले बड़े चुनावों की राजनीतिक दिशा का संकेत भी माने जा रहे हैं। बांकीपुर में प्रशांत किशोर ने बीजेपी का मजबूत गढ़ तोड़ते हुए बड़ी जीत दर्ज की, दतिया में कांग्रेस ने सीट बरकरार रखी, जबकि मांजलपुर में बीजेपी ने अपना किला बचा लिया। यानी तीन राज्यों में तीन अलग-अलग राजनीतिक संदेश सामने आए हैं। बिहार के बांकीपुर में बड़ा उलटफेर हुआ, ये सीट बीजेपी का गढ़ थी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की परंपरागत जीत वाली सीट थी, लेकिन सियासत के बड़े रणनीतिकार पीके की रणनीति ने यहां बीजेपी का किला ढहा दिया। दतिया में भी बीजेपी को बड़ा झटका लगा, ये सीट भी बीजेपी का गढ़ रही, हालांकि 2023 में यहां भी बीजेपी के दिग्गज नेता नरोत्तम मिश्रा हार गए थे। इस सीट पर भी टिकट से लेकर चुनाव तक सत्ता और संगठन के कई तरह के समीकरण देखने को मिले, लेकिन उपचुनाव में भी जनादेश कांग्रेस को ही मिला। अब उपचुनाव के नतीजों ने सिर्फ सरकार और विपक्ष का रिपोर्ट कार्ड नहीं लिखा, बल्कि आने वाले राजनीतिक समीकरणों की नई पटकथा भी तय कर दी। इस जनादेश ने सिर्फ जीत-हार तय नहीं की, बल्कि भविष्य की सियासत का नया अध्याय भी लिख दिया है। ऐसे में क्या ये माना जाए कि उपचुनाव का जनादेश, 2027 और 2029 की चुनावी सियासत का ट्रेलर है। क्या ये माना जाए कि आने वाले चुनावों का इन नतीजों का कोई असर होगा। अब तीन सीटों का फैसला, भविष्य की सियासी बिसात और आने वाले बड़े राजनीतिक समीकरणों की दिशा और दशा, आज हम इसी मुद्दे पर करेंगे चर्चा…. बांकीपुर में बदलाव, दतिया में फेल हुआ दांव।

By Election Results 2026 : अब सवाल यह है कि क्या ये नतीजे 2027 से 2029 तक होने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनावों का लिटमस टेस्ट हैं ? क्या बीजेपी के लिए यह संगठन और उम्मीदवार चयन पर आत्ममंथन का संकेत है ? क्या कांग्रेस को नई ऊर्जा मिली है ? और क्या प्रशांत किशोर की जीत बिहार की राजनीति में तीसरे विकल्प को मजबूत करेगी ? देश के तीन राज्यों की तीन विधानसभा सीटों पर हुआ उपचुनाव… बिहार की बांकीपुर, मध्य प्रदेश की दतिया और गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट… उपचुनाव के जनादेश ने राजनीतिक दलों की रणनीति और जनता का मन दोनों को स्पष्ट कर दिया। उपचुनाव में बीजेपी ने गुजरात की मांजलपुर सीट तो निकाल ली, लेकिन बांकीपुर और दतिया में बाजी पलट गई। इन दोनों हाई प्रोफाइल बांकीपुर और दतिया विधानसभा सीट पर दिग्गजों की साख दांव पर थी, लेकिन बांकीपुर में पीके बाजी मार ले गए, तो दतिया में बीजेपी का दांव फेल हो गया। बात बांकीपुर विधानसभा सीट की करें तो यह सीट बीजेपी की परंपरागत जीत वाली थी, जो बिहार भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा जाने के बाद खाली हुई थी, वे यहां से लगातार 5 बार विधायक रहे थे।लेकिन जनसुराज पार्टी के प्रशांत किशोर ने ऐतिहासिक जीत दर्ज कराते हुए भाजपा के नीरज कुमार को 19,419 वोटों के बड़े अंतर से मात दी। तो वहीं दतिया में कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने भाजपा के आशुतोष तिवारी को 6,029 वोटों से हराया। अब दोनों की सीटों पर जीत के बाद जश्न का माहौल है और वादे और दावे भी।
By Election Results 2026 : इन दोनों ही सीटों पर आए परिणामों ने साफ कर दिया है कि केवल पार्टी के नाम या पुराने नैरेटिव के भरोसे उपचुनावों की वैतरणी पार नहीं की जा सकती। अब पारंपरिक रूप से भाजपा के मजबूत गढ़ मानी जाने वाली दोनों सीटों पर पार्टी को हार का सामना करना पड़ा है। जिसको बीजेपी नेता जनादेश बताकर समीक्षा की बात कह रहे हैं।बीजेपी देश के तीन राज्यों की तीन विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के जनादेश ने कई बड़े राजनीतिक संकेत दिए हैं। नतीजों की तस्वीर से साफ है कि बांकीपुर में प्रशांत किशोर ने भाजपा का मजबूत किला हिला दिया, दतिया में कांग्रेस ने सत्ता पक्ष को बड़ा झटका दिया, जबकि मांजलपुर में भाजपा ने अपना गढ़ बचाकर संगठन की ताकत साबित कर दी। लेकिन इन तीन सीटों के नतीजे सिर्फ उपचुनाव का फैसला नहीं, बल्कि आने वाले राजनीतिक समीकरणों की नई पटकथा भी माने जा रहे हैं। जाहिर की आने वाले साल में राज्यों के विधानसभा और साल 2029 के लोकसभा चुनाव में सियासी नेरेटिव सेट भले ही न करें, लेकिन जीत हार चर्चा का विषय जरूर रहेगी।

