Durand Cup 2026 : नई दिल्ली। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र (RBCC) में आयोजित समारोह में 135वें इंडियनऑयल डूरंड कप की प्रतिष्ठित ट्रॉफियों का अनावरण किया। इसके साथ ही एशिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट के नए संस्करण का औपचारिक आगाज हो गया। प्रतियोगिता 25 जुलाई से 23 अगस्त 2026 तक देश के पांच शहरों में आयोजित होगी।

Durand Cup 2026 : राष्ट्रपति ने खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं
समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि डूरंड कप ने देश को अनेक प्रतिभाशाली फुटबॉलर दिए हैं। उन्होंने खुशी जताई कि इस वर्ष कई नई टीमें टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही हैं और पहली बार श्रीलंका की एक टीम भी प्रतियोगिता का हिस्सा बनी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे टूर्नामेंट की लोकप्रियता और बढ़ेगी।राष्ट्रपति ने कहा कि फुटबॉल लोगों को जोड़ने वाला खेल है और खेल भावना केवल मैदान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन में समानता, सहयोग और कठिन परिस्थितियों में भी दृढ़ रहने की सीख देती है।
Durand Cup 2026 : डूरंड कप और राष्ट्रपति पद का ऐतिहासिक रिश्ता
डूरंड कप का भारत के राष्ट्रपति पद से दशकों पुराना संबंध रहा है। विजेता टीम को मिलने वाली तीन ट्रॉफियों में शामिल प्रेसिडेंट्स कप की शुरुआत देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की पहल पर हुई थी। इस परंपरा को आज भी कायम रखा गया है।

Durand Cup 2026 : सेना के शीर्ष अधिकारियों की रही मौजूदगी
समारोह में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि, थल सेनाध्यक्ष जनरल धीरज सेठ, नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन सहित तीनों सेनाओं के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा भारतीय फुटबॉल टीम के कप्तान लल्लियांजुआला छांगते और अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ के अध्यक्ष कल्याण चौबे भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
Durand Cup 2026 : सीडीएस ने कहा- लगातार बढ़ रही है डूरंड कप की लोकप्रियता
सीडीएस जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि ने कहा कि डूरंड कप की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है और इस वर्ष भी खिलाड़ियों तथा दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह टूर्नामेंट खेल उत्कृष्टता, एकता और अनुशासन के मूल्यों को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

Durand Cup 2026 : पहली बार रांची बनेगा मेजबान शहर
इस वर्ष डूरंड कप का आयोजन पांच शहरों-कोलकाता, रांची, इम्फाल, शिलांग और गुवाहाटी में किया जाएगा। टूर्नामेंट के इतिहास में पहली बार रांची को मेजबान शहर बनाया गया है।
Durand Cup 2026 : ट्रॉफी टूर का भी हुआ ऐलान
ट्रॉफियों का देशभर में विशेष दौरा भी कराया जाएगा। ट्रॉफी टूर की शुरुआत शिलांग से होगी और इसके बाद इम्फाल, गुवाहाटी, रांची होते हुए 21 जुलाई को कोलकाता पहुंचेगा, जहां प्री-टूर्नामेंट प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित होगी।
Durand Cup 2026 : 24 टीमें लेंगी हिस्सा, कोलकाता डर्बी से होगी शुरुआत
135वें डूरंड कप में कुल 24 टीमें भाग लेंगी, जिनमें श्रीलंका की एक विदेशी टीम भी शामिल है। उद्घाटन मुकाबला 25 जुलाई को रिकॉर्ड 17 बार के चैंपियन Mohun Bagan Super Giant और 16 बार के विजेता East Bengal FC के बीच प्रतिष्ठित कोलकाता डर्बी के रूप में खेला जाएगा।
Durand Cup 2026 : छह स्टेडियमों में होंगे 43 मुकाबले
टूर्नामेंट के कुल 43 मैच छह स्टेडियमों में खेले जाएंगे। इनमें कोलकाता का विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन और किशोर भारती क्रीड़ांगन, रांची का बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, गुवाहाटी का इंदिरा गांधी एथलेटिक स्टेडियम, इम्फाल का खुमान लंपक स्टेडियम तथा शिलांग का जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम शामिल हैं।
Durand Cup 2026 : डूरंड कप की विरासत
वर्ष 1888 में शुरू हुआ डूरंड कप दुनिया की तीसरी सबसे पुरानी सक्रिय फुटबॉल प्रतियोगिता है। भारतीय सेना की पूर्वी कमान द्वारा आयोजित यह टूर्नामेंट भारतीय फुटबॉल की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में गिना जाता है और युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच उपलब्ध कराता है।
read more : LiuGong India Manufacturing Unit : मुख्यमंत्री डॉ. यादव 8 जुलाई को देंगे बड़ी सौगात, पीथमपुर में करेंगे लियूगोंग इंडिया की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का भूमि-पूजन

