Haldwani Smart Meter Protest : सुभाष नगर में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची UPCL टीम का लोगों ने किया विरोध
Haldwani Smart Meter Protest : उत्तराखंड के हल्द्वानी के सुभाष नगर क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPCL) की टीम को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। विरोध इतना बढ़ गया कि लोगों और कर्मचारियों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। हालात बिगड़ने पर कुछ प्रदर्शनकारियों ने कर्मचारियों के हाथों से स्मार्ट मीटर छीनकर तोड़ दिए। इसके बाद टीम को बिना मीटर लगाए ही मौके से लौटना पड़ा।

Haldwani Smart Meter Protest : लोगों ने लगाया प्रक्रिया का पालन नहीं करने का आरोप
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगाने से पहले उन्हें किसी प्रकार की स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। उनका आरोप है कि विभाग के कर्मचारी निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बिना सीधे घरों में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंचे थे। जब लोगों ने इस पर आपत्ति जताई तो उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया गया, जिसके बाद विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया।प्रदर्शनकारियों का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगाने के लिए एक तय नियम और प्रक्रिया है, जिसका पालन किया जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि जब तक लोगों को पूरी जानकारी नहीं दी जाती, तब तक क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने की कार्रवाई रोक दी जाए।
Haldwani Smart Meter Protest : निजी कंपनियों को फायदा पहुंचाने का लगाया आरोप
विरोध कर रहे लोगों ने आरोप लगाया कि लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर एक निजी कंपनी के हैं और सरकार इन्हें जनता पर थोपकर निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाना चाहती है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे किसी भी कीमत पर अपने घरों में स्मार्ट मीटर नहीं लगने देंगे। यदि दोबारा बिना सहमति या जानकारी के ऐसी कार्रवाई की गई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।विरोध के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और कुछ लोगों ने स्मार्ट मीटर तोड़ दिए। इसके बाद विभागीय कर्मचारियों ने सुरक्षा कारणों से काम रोक दिया और टीम वापस लौट गई।

Haldwani Smart Meter Protest : बिजली विभाग ने जांच के दिए निर्देश
बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जानकारी उन्हें मिल चुकी है। घटना की जांच कराई जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया नियमानुसार की जाती है और यदि कहीं किसी स्तर पर लापरवाही हुई है तो उसकी भी जांच होगी।फिलहाल हल्द्वानी के सुभाष नगर में स्मार्ट मीटर को लेकर लोगों का विरोध चर्चा का विषय बना हुआ है। अब यह देखना होगा कि विभाग की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और भविष्य में इस योजना को लेकर क्या कदम उठाए जाते हैं।
READ MORE : Monsoon Immunity Foods: बारिश के मौसम में जरूर खाएं ये 5 चीजें, इम्युनिटी होगी मजबूत और इंफेक्शन रहेगा दूर

